चौबेपुर। रविवार को सुबह सारनाथ और कादीपुर स्टेशन के बीच तरयां गांव के पास रेलवे ट्रैक टूट गया था। इस टूटे ट्रैक पर पहली नजर तरयां गांव की मन्नी देवी की पड़ी। उन्होंने तत्काल गेटमैन को इसकी जानकारी दी जिसके बाद रेल प्रशासन सक्रिय हुआ। दो घंटे के प्रयास के बाद ट्रैक ठीक कर लिया गया। इससे पूर्व इसी टूटे ट्रैक से गोरखपुर जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस धड़धड़ाती हुई गुजर गई थी।
मन्नी देवी प्रात: खेत के लिए निकली थीं। करीब छह बजे उनकी नजर टूटे ट्रैक पर पड़ी। ट्रैक के बीच करीब दो इंच का गैप बन गया था। सूचना मिलने के साथ ही गेटमैन शेषनाथ मौके पर पहुंचा। उसने पीडब्ल्यूआई धीरज श्रीवास्तव को सूचना दी। मौके पर पहुंचे पीडब्ल्यूआई ने ट्रैक को ठीक किया। श्री श्रीवास्तव का कहना है कि फ्रैक्चर छोटा था, कोई हादसा नहीं हो सकता था। फिर भी सतर्कतावश वहां अधिकतम तीस किमी. की गति से ट्रेनों के चलाने का कासन लगा दिया गया है। बताया कि दिन और रात के तापमान में भारी अंतर के कारण ऐसा हुआ होगा। वहीं ग्रामीणों के मुताबिक सुबह करीब 5.30 बजे इसी टूटे ट्रैक से गोरखपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन धड़ध़ड़ाते हुए गुजर गई थी। ट्रैक कब से टूटा था, इसकी जानकारी किसी को नहीं।