साध्वी पूर्णांबा को प्रशासन ने अस्पताल में भर्ती कराया
अब साध्वी शारदांबा बैठीं जल त्याग तपस्या पर
अमर उजाला ब्यूरो
वाराणसी। जल त्याग कर छह दिनों से गंगा तपस्या कर रहीं साध्वी पूर्णांबा को प्रशासन ने मंगलवार को अस्पताल में भर्ती करा दिया। इस दौरान तप स्थल पर काफी संख्या में साधु-संत, बटुक और अन्य लोग मौजूद थे। अब साध्वी शारदांबा जल त्याग कर तपस्या पर बैठ गई हैं। अस्पताल पहुंचने पर पूर्णांबा ने स्वामी सानंद से आशीर्वाद लिया। डाक्टरों ने साध्वी को ड्रिप लगा दी है और उन्हें एसी कक्ष में रखा गया है।
सोमवार की शाम जब शंकराचार्य घाट स्थित तप स्थल पर संत सम्मेलन चल रहा था तभी अचानक पुलिस टीम चिकित्सकों के साथ मठ पहुंची और जल त्याग कर तपस्या कर रही साध्वी पूर्णांबा को अस्पताल ले जाने के लिए कहा। इस दौरान चिकित्सकों की टीम ने साध्वी की जांच की और उन्हें अस्पताल में भर्ती होने की सलाह दी। लेकिन साध्वी वहां से जाने का तैयार नहीं हुईं। कुछ देर तक पुलिस और डाक्टरों की टीम प्रशासनिक अधिकारियों का इंतजार करती रही। शाम करीब छह बजे एसीएम प्रथम कमला प्रसाद यादव के पहुंचने पर साध्वी को अस्पताल ले जाने की तैयारी शुरू हुई। इस पर वहां मौजूद लोगों ने एसीएम से इसे लिखित में देने को कहा। उनका कहना था कि प्रशासन साध्वी को अस्पताल ले जा रहा है तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी। एससीएम के लिखित में देने पर उन्हें कबीरचौरा अस्पताल लाया गया। अस्पताल में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि प्रशासन आखिर कितने तपस्वियों को यहां भर्ती कराएगा? एक अस्पताल आएगा तो दूसरा उसकी जगह ले लेगा। कहा कि प्रशासन को संवेदनहीनता त्याग कर गंगा की निर्मलता के बारे में सोचना चाहिए।