पुरवा (उन्नाव)। दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालीजनों ने युवती को जहरीला पदार्थ देकर मार डाला। ससुरालीजनों ने मायके पक्ष वालों को तबियत खराब होने की सूचना गुरुवार की रात को दी। सुबह जब मायके पक्ष के लोग पहुंचे तो युवती का शव घर के अंदर पड़ा था और ससुराली जन फरार थे। मायके वालों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने खोजबीन कर सास ससुर व पति को हिरासत में ले लिया है।
थाना असोहा के गांव नौगवां में रहने वाली कलावती ने चार साल पहले पुत्री संगीता (24) का विवाह कोतवाली क्षेत्र के गांव भादिन में रहने वाले सत्ती के पुत्र उमेश के साथ किया था। आरोप है कि विवाह के एक साल बाद से उमेश दो पहिया वाहन व पैसे की मांग कर रहा था। न देने पर कई बार संगीता को मारापीटा। संगीता ने यह बात मां को बताई तो उसने जाकर मामला शांत करा दिया। कलावती ने बताया कि गुरुवार की रात ससुर सत्ती का फोन आया कि संगीता को कालरा हो गया है। इस पर कलावती ने साधन न मिल पाने के कारण सुबह आने की बात कही। सुबह जब वह गांव पहुंची तो दरवाजे पर भीड़ देख वह दंग रह गई। घर के अंदर संगीता का शव पड़ा हुआ था। उसके अगल बगल ढेरों मक्खियां भी मरी पड़ी थी। घर के सदस्य फरार थे। सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने आकर शव का पंचनामा भर उसे पोस्टमार्टम हाउस भिजवाया। पीड़ित पक्ष ने पति, सास, ससुर व ननद पर मुकदमा पंजीकृत कराया। पुलिस ने पति उमेश, ससुर सत्ती व सास कौशल्या को खोज कर हिरासत में ले लिया जबकि ननद गुड़िया अभी भी फरार है।