उन्नाव। पारिवारिक विवाद के चलते अलग-अलग थाना क्षेत्रों में एक महिला समेत तीन लोगों ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। सभी की हालत नाजुक है। महिला को कानपुर रेफर किया गया है।
गंगाघाट थाना क्षेत्र के गांव रौतापुर निवासी नन्हके का पत्नी रानी से पारिवारिक कारणों को लेकर विवाद हो गया। इस पर रानी ने घर में रखी कीटनाशक दवा पी ली। हालत बिगड़ने पर परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो भाई सियाराम ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। माखी थाना क्षेत्र के रजईखेड़ा गांव निवासी रामकिशोर (22) की पत्नी केशकली पति से हुए विवाद के बाद मायके चली गई थी। बुधवार सुबह रामकिशोर ने पत्नी को फोन किया और बातों ही बातों में बहस हो गई। इसके बाद उसने जहरीला पदार्थ निगल लिया। उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। शहर के मोहल्ला शिवनगर निवासी दिनेश कुमार का बुधवार सुबह पत्नी सुनीता से झगड़ा हो गया। आपसी झगड़े के बाद सुनीता ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां डाक्टरों ने नाजुक हालत को देखते हुए कानपुर रेफर कर दिया।