उन्नाव। चूल्हे की चिंगारी से हुईं आग लगने की घटनाओं में दो घरों की गृहस्थी राख हो गई। छप्पर के नीचे बंधी गाय को निकालने के प्रयास में युवक झुलस गया और गाय की मौत हो गई। दूसरी घटना में कीमती सामान को आग से बचाने के प्रयास में पति-पत्नी झुलस गए।
अचलगंज प्रतिनिधि के अनुसार थाना क्षेत्र के गांव बसैना निवासी तारावती पत्नी स्व. किशोरी लाल मंगलवार को करीब दस बजे चूल्हे में खाना बना रही थी। तभी चूल्हे से निकली चिंगारी से छप्पर में आग लग गई। आग की लपटें उठते देख तारावती के पुत्र पप्पू (30) ने अपनी मां को बाहर निकाला। वह गाय को निकालने के लिए दोबारा घर में घुसा। इसी दौरान छप्पर गिर गया जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। ग्रामीणों ने पप्पू को बाहर निकाला और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। कई घंटे की मशक्कत के बाद ग्रामीण आग बुझा पाए। भाई कुवर पाल ने पप्पू को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। कुवर पाल के मुताबिक एक लाख से अधिक का नुकसान हुआ है। माखी थाना क्षेत्र के ग्राम थाना में खाना बनाते समय कपड़ों आग लगने से छटपटा रही पत्नी बशीरा बेगम को बचाने के प्रयास में पति मो. शमी गंभीर रूप से झुलस गया। दोनों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।