उन्नाव। शहर की बदहाल सड़कों, नालों की दशा सुधारने और गलियों का अंधेरा दूर करने के लिए 13वें वित्त आयोग से एक करोड़ रुपए मंजूर हुए हैं। पहली किस्त में 65 लाख के कार्य होंगे। पालिका प्रशासन ने डीएसएन कालेज की जर्जर रोड और दोनों ओर नाले की कार्ययोजना तैयार कर ली है। अन्य कार्यों की योजना भी विभागों ने भेज दी है।
इस वर्ष 13वें वित्त आयोग से नगर पालिका को 65 लाख रुपए जारी किए गए हैं। मालूम हो कि इस धनराशि को केवल मैटेरियल की खरीदारी में खर्च कर सकते हैं। इससे मजदूरी नहीं दी जा सकती है। इस बार निर्माण विभाग इस धनराशि से डीएसएन कालेज रोड की खस्ताहाल सड़क का पुन: निर्माण कार्य कराएगा। वहीं इसी रोड के दोनों ओर से निकले नालों को भी चौड़ा कराया जाएगा। साथ ही मरम्मत कार्य भी प्रस्ताव में शामिल किया गया है। इसके अलावा शहर की कई अन्य सड़कों का मरम्मत कार्य का प्रस्ताव निर्माण विभाग की ओर से मंजूरी के लिए भेजा गया है। विभागीय सूत्रों के मुताबिक, इस धनराशि से शहर की शक्ल सूरत बदलने के प्रयास किया जा रहा है। खस्ताहाल सड़कों की मरम्मत से शहरवासियों को आवागमन में दिक्कतें नहीं आएंगी वहीं नालों के चौड़ीकरण व मरम्मत से शहर में जलभराव की समस्या से भी काफी हद तक निजात मिल जाने की संभावना है।
नई स्ट्रीट लाइटों से जगमगाएगा शहर
उन्नाव। कुल धनराशि का 6 प्रतिशत हिस्सा मार्ग प्रकाश विभाग को दिया जाता है। विभाग ने शहर को रोशन करने के लिए कई नई स्ट्रीट लाइटों व खंभों का प्रस्ताव बनाकर भेजा है। इसके अलावा चोक व राड भी खरीदे जाएंगे। विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक, एक दर्जन मरकरी खरीदी जाएंगी। जो शहर के विभिन्न चौराहों व प्रमुख रास्तों पर लगाई जाएंगी।
सफाई विभाग को नहीं मिली धनराशि
उन्नाव। नगर पालिका के सफाई विभाग को इस बार धनराशि हिस्सा नहीं मिलेगा। पिछली बार मिली धनराशि से सफाई विभाग ने जो कूड़ा कंटेनर खरीदे थे वह अभी भी पालिका कार्यालय की शोभा बढ़ा रहे हैं। इस कारण सफाई विभाग को उसके हिस्से से वंचित रखा गया है। धनराशि लेने से विभाग के इंकार करने पर उसे निर्माण खंड को ट्रांसफर कर दिया गया है।
दूसरी किस्त में भी मिलेगी इतनी ही रकम
उन्नाव। वित्त आयोग से मिलने वाली धनराशि साल में दो बार मिलती है। पहली किस्त के रुप में 65 लाख रुपए मिल चुके हैं। इसके खर्च होने के बाद दूसरी किस्त जारी की जाएगी। दूसरी किस्त में भी विभाग को इतनी ही धनराशि मिलेगी। जानकारों की मानें तो इस बार 13वें वित्त आयोग से नगर पालिका को 1 करोड़ 30 लाख रुपए मिलेंगे।