सफीपुर (उन्नाव)। अधिवक्ता संघ ने गुरुवार को उन्नाव-हरदोई रोड जाम कर पेट्रोल दाम वृद्धि पर केंद्र सरकार और विद्युत समस्या पर प्रदेश सरकार के विरुद्ध प्रदर्शन किया। इस दौरान मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जिस पर झल्लाए एसपी और अधिवक्ताओं के बीच झड़प भी हुई। अधिवक्ता संघ के महामंत्री विष्णु शंकर शुक्ला ने दो दिन पूर्व उप जिलाधिकारी को विद्युत व्यवस्था में सुधार न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी थी। 48 घंटे बीत जाने के बाद चंद घंटे भी सप्लाई नहीं दी जा सकी। गुरुवार को बड़ी संख्या में अधिवक्ता पदाधिकारियों के साथ उन्नाव-हरदोई मुख्य मार्ग पर उतर आए। सरकार विरोधी नारे लगाए और सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। संघ के पदाधिकारी महामंत्री विष्णुशंकर शुक्ला, वरिष्ठ अधिवक्तागण कमाल शेर खां, विष्णुकांत मिश्र, सत्यनारायण, आफताब हैदर आदि ने संबोधित करते हुए कहा कि सपा सरकार का दावा था कि उनकी सरकार बनी तो विद्युत समस्या में सुधार होगा। लेकिन कहीं कुछ नहीं हुआ। पूर्व में भी सप्लाई मात्र तीन घंटे वह भी मुश्किल से मिल पाई। इस समस्या को शासन व प्रशासन के संज्ञान में लाया गया। लेकिन सुधार होने के बजाए कस्बे के दोनों ट्रांसफार्मर बदले नहीं जा सके। संघ ने चेतावनी दी कि अभी भी व्यवस्था सुधार ले अन्यथा नागरिक के सब्र का बांध टूटा तो संभलना मुश्किल होगा। अधिवक्ताओं ने विद्युत विभाग के अधिकारियों के विरुद्ध अपनी भड़ास निकालने के बाद केेंद्र सरकार और पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी के विरुद्ध मुर्दाबाद के नारे लगाए। उन्होंने पेट्रोल दाम वृद्धि पर कहा कि महंगाई के इस आलम में रोटी के बदले घरों के बर्तन बिकना शेष बचे हैं। जो जल्दी ही बिक भी जाएंगे। किचन गैस वितरण समस्या पर भी अधिवक्तागण जमकर बरसे। मौके पर एसएसआई जीएस पांडेय और संघ अधिवक्ताओं के बीच झड़प हुई। इस मौके पर रामप्रकाश, अशोक सेठ, आनंद गुप्ता, अभिनव गौड़, रामप्रकाश पाल, हरिप्रकाश कुशवाहा, विजयगौड़, संजीव शुक्ला समेत अन्य अधिवक्ता थे।