उन्नाव। औरास थाना क्षेत्र में बच्ची से दुष्कर्म के बाद हत्या की घटना का पुलिस ने चार महीने बाद खुलासा किया है। पुलिस ने पड़ोस के गांव में रहने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। एसपी ने पुलिस टीम को पांच हजार रुपए पुरस्कार दिया है। इसी साल जनवरी में आसीवन थाना क्षेत्र के सिकंदपुर गांव निवासी नंदीराम की दस वर्षीय बेटी खेत पर काम कर रहे माता-पिता के पास जा रही थी। इसी दौरान उसकी दुष्कर्म के बाद उसी के सलवार से गला कसकर हत्या कर दी गई थी। देर शाम नंदीराम घर लौटा तो उसकी बेटी राजकुमारी (10) घर पर नहीं मिली। बड़ी पुत्री पूजा ने बताया कि राजकुमारी खेत पर जाने की बात कहकर घर से गई थी। खोजने पर उसका शव अर्धनग्न हालत में खैराबाद निवासी कल्लू सिंह के गन्ने के खेत के पास पड़ा मिला। कई महीने से सुरागकशी में लगी आसीवन थाना पुलिस ने सिकंदरपुर गांव के पास ही स्थित साताबाद गांव निवासी सुशील सिंह पुत्र किशन सिंह को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी सुशील ने बताया कि वह शौच के लिए गया था तभी राजकुमारी के जाते हुए देखा और पकड़ लिया। दुष्कर्म करने पर वह चीखी तो हाथ से मुंह दबा दिया। उसने पहचान लिया और घर पर बताने की बात कही तो उसके मुंह में मिट्टी भर दी और फिर उसी के सलवार से उसका गला कस दिया। टीम में आसीवन थानाध्यक्ष बृजमोहन सिंह, उप निरीक्षक सियाराम वर्मा, सिपाही राजाराम, राधेप्रकाश और राजू गौतम शामिल रहे।