उन्नाव/फतेहपुर चौरासी। सीबीएसई के 10वीं के निकले रिजल्ट में दही चौकी स्थित केंद्रीय विद्यालय के पांच बच्चों ने एवन ग्रेड हासिल किया। वहीं शहर के आदर्श विद्या मंदिर इंटर कालेज गीतापुरम में छह बच्चों ने ए ग्रेड प्राप्त कर अपने अभिभावकों व विद्यालय का नाम रोशन किया। फतेहपुर चौरासी स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय के शैलेंद्र ने भी ए वन ग्रेड पाकर बड़ी सफलता पाई। सीबीएसई ने गुरुवार देरशाम 7 बजे रिजल्ट घोषित किए। केंद्रीय विद्यालय, नवोदय विद्यालय, एसवीएम व आदर्श विद्या मंदिर में शत-प्रतिशत छात्र-छात्राओं ने सफलता पाई। केन्द्रीय विद्यालय में 121 बच्चे परीक्षा में बैठे थे। जिसमें सभी उत्तीर्ण रहे। आकांक्षा वर्मा, आयुषी अस्थाना, दीक्षा त्रिवेदी, दीपांक देव व अर्पित कुमार ने ए वन ग्रेड प्राप्त किया। आकांक्षा के पिता प्रकाश वर्मा राजकीय महाविद्यालय बक्खाखेड़ा में प्राचार्य हैं जबकि मां कमला वर्मा गृहणी है। आकांक्षा भविष्य में डाक्टर बनकर मरीजों की सेवा करना चाहती है। वहीं आयुषी अस्थाना भविष्य में डाक्टर बनने का सपना संजोए हुए है। दीपांक देव के पिता विनय कुमार डिप्टी जेलर हैं और मां ममता गृहणी है। दीपांक प्रशासनिक सेवा में जाना चाहता है। अर्पित कुमार के पिता एके वर्मा रिटायर्ड एयरफोर्स कर्मी हैं जबकि मां ऊषा देवी हाउस वाइफ हैं। नियमित पांच घंटे पढ़ाई करने वाले अर्पित को कामेडी शो देखना खासा पसंद हैं। भविष्य में इंजीनियर बनने का सपना देखने वाले अर्पित को हैरी पॉटर की किताबें पढ़ना भी भाता है। वहीं दीक्षा द्विवेदी के पिता एसके द्विवेदी व मां अचला द्विवेदी केन्द्रीय विद्यालय में शिक्षक हैं। डाक्टर बनने की इच्छा रखने वाली दीक्षा प्रतिदिन पांच घंटे की पढ़ाई करके यह सफलता पाई है। कार्टून व एक्शन मूवीज देखना उसका शौक है। जवाहर नवोदय विद्यालय में 80 बच्चों ने परीक्षा दी थी। विद्यालय का परीक्षाफल शतप्रतिशत रहा। यहां के छात्र शैलेन्द्र ने ए ग्रेड हासिल किया। इसी विद्यालय की सीमा व अरुण ने भी ए ग्रेड प्राप्त किया। वहीं गीतापुरम स्थित आदर्श विद्या मंदिर में छात्र अनिमेष सिंह, दिव्यांश तिवारी, हिमान्शु पाठक, शौर्य यादव, वेदान्त अवस्थी, आशुतोष तिवारी ने ए वन ग्रेड पाकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। इसी विद्यालय के 28 छात्र-छात्राओं ने 90 से 94 प्रतिशत अंक पाकर ए ग्रेड के ग्रुप में अपना नाम शामिल कराया। अनिमेष, दिव्यांश, शौर्य, वेदान्त अवस्थी व हिमान्शु जहां इंजीनियर बनना चाहते हैं वहीं आशुतोष तिवारी मेडिकल फील्ड में जाने की आकांक्षा रखते हैं। यहां के 40 छात्र/छात्राओं ने ए ग्रेड हासिल किया है।