ससुराली बोले, नशेबाज पति से परेशान थी
सोहरामऊ (उन्नाव)। सोहरामऊ थाना क्षेत्र के मौहारी में मंगलवार की सुबह एक विवाहिता का शव घर की धन्नी से लटका मिला। पुलिस ने शव को उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। ससुराल वालों का कहना है कि नशेबाज पति से परेशान होकर महिला ने खुदकुशी की है। मृतका के पिता का आरोप है कि दामाद ने हत्या कर शव को फांसी पर लटका दिया। पुलिस ने पति के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पति फरार है।
मौहारी निवासी अरविंद यादव नशे का आदी है। आए दिन वह नशे में धुत होकर अपनी पत्नी निशा (26) की पिटाई करता रहता था। मंगलवार की सुबह भी उसने किसी बात को लेकर निशा की जमकर पिटाई की थी। इसके बाद निशा का शव फांसी पर लटकता मिला। निशा के पिता केशव प्रसाद निवासी मनोहरपुर थाना अचलगंज ने बताया कि निशा की दो साल पहले अरविंद से शादी हुई थी। उसका साल का बेटा भी है। अरविंद निशा को पीटता रहता था। वह और दहेज की मांग करता था। मंगलवार को उसने पहले बेटी की पिटाई की और जब वह मर गई तो आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फांसी पर लटका दिया।