सलखन। चोपन थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत मुनगा टोला में विवाहिता ने शनिवार को मिट्टी का तेल छिड़क कर जान देने की कोशिश की। आसपास के लोगों की नजर पड़ जाने से महिला की जान बच गई। बताया जाता है कि महिला ने तीसरी बार जान देने की कोशिश की है। महिला के इस कृत्य से नाराज पति ने स्थानीय थाने में पत्नी की शिकायत की है।
मुनगा टोला निवासी राजन शर्मा का विवाह कुछ वर्ष पूर्व दारानगर मडि़हाल मिर्जापुर की रहने वाली चंदा देवी (22) के साथ हुआ था। राजन के मुताबिक शादी के बाद से ही उसकी पत्नी आत्महत्या का प्रयास कर रही है। वह ऐसा क्यों कर रही है इसका पता नहीं। इसके पूर्व दो बार वह फांसी लगाकर आत्म हत्या का प्रयास कर चुकी है। हालांकि हर बार किसी न किसी की नजर पड़ जाने तथा रोकने की वजह से उसकी जान बच जाती है। एक बार तो उसने खाने में जहर मिला दिया था। शनिवार का राजन कही गया हुआ था। चंदा घर में अकेली थी। दोपहर में करीब बारह बजे उसने स्वयं को कमरे में बंद कर लिया तथा मिट्टी का तेल छिड़कने के बाद माचिस की तीली जलाने ही वाली थी कि पड़ोसियों की नजर पड़ गई और उन्होंने शोर मचाना शुरू किया। और चंदा को ऐसा नहीं करने से रोक दिया। इस तरह एक बार फिर उसकी जान बच गई।