सिंगरौली। स्थानीय बस स्टैंड से चितरंगी को जा रही बस कठास मोड़ के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। इसमें एक महिला की मौत हो गई जबकि चालक और खलासी समेत 29 लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची मोरवा पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से घायलों को एनसीएल के अस्पताल में भर्ती कराया। गंभीर रूप से घायलों को नेहरू शताब्दी चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार सिटी राइड वर्मा बस (एमपी 66 टीपी 0419) दोपहर साढ़े बारह बजे बस स्टैंड से लगभग 30-32 यात्रियों को लेकर चितरंगी के लिए चली थी। एक बजे के आसपास कठास मोड़ के समीप पुलिया पर पहुंची थी कि बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग दौड़े और यात्रियों के बचाव में जुट गए। सूचना पर मोरवा पुलिस भी पहुंच गई। सभी यात्रियों को बाहर निकाला गया। इसमें अधिकांश के हाथ, पैर, मुंह और सिर में चोटें आई थीं। कई अचेत हो गए थे। घायलों में जगमतिया (40) पत्नी मोतीलाल निवासी बिरकुनिया की मौके पर मौत हो गई। सभी घायलों को एनसीएल के सेंट्रल अस्पताल में पहुंचाया गया। यहां डाक्टरों ने एक दर्जन के लगभग गंभीर रूप से घायल लोगों को नेहरू शताब्दी चिकित्सालय रेफर कर दिया। अस्पताल के डाक्टरों ने सभी की हालत सामान्य बताई। हादसे की वजह फिलहाल तेज रफ्तार बताई जा रही है।