बैढ़न। मध्यप्रदेश किसान सभा सिंगरौली ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। सभा ने राज्यपाल को संबोधित चार सूत्री पत्रक एसडीएम को सौंपा। आरोप लगाया कि कि गेहूं खरीद केंद्रों पर व्यापक पैमाने पर धांधली की जा रही है। किसानों को समर्थन मूल्य नहीं दिया जा रहा। बिचौलियों के जरिए खरीद की जा रही है। प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे मप्र किसान सभा सिंगरौली के अध्यक्ष रामेश्वर सिंह ने कहा कि सूबे में किसानों की हालत चिंताजनक है। हताश किसान आत्महत्या कर रहे हैं। किसानों की फसल समर्थन मूल्य पर मंडियों में नहीं खरीदी जा रही। दलालों के जरिए फसल की खरीद हो रही है जिससे उन्हें नुकसान हो रहा है। श्री सिंह ने कहा कि ऐसा भाजपा सरकार के कतिपय मंत्रियों की शह पर किया जा रहा है। कहा कि किसान समर्थन मूल्य मांगने सड़क पर उतरते हैं तो उन पर गोलियां बरसाई जाती है। रायसेन और बरेली में मांग करने पर दो किसानों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उन्होंने प्रकरण दर्ज करने के साथ ही मृतक आश्रित को 20 लाख रुपये का मुआवजा मांगा। श्री सिंह ने कहा कि गेहूं मंडी से खरीदा जाए। उन्होंने सिंगरौली मंडी को शीघ्र शुरू करने की मांग की। इससे पहले कलेक्ट्रेट पहुंचे किसानों ने सरकार विरोधी नारे लगाए।