रेणुकूट। आदित्य बिड़ला समूह की एल्यूमीनियम उत्पादक कंपनी हिण्डाल्को जहां औद्योगिक विकास की अवधारणा को पूरित करता है वहीं पर्यावरण के संरक्षण के प्रति ध्यानाकर्षित करते हुए ग्रामीण विकास के नित्य नए कार्यक्रमों का संचालन कर ग्रामीणों के सर्वांगीण विकास को प्रयासरत है। इसी क्रम में शुक्रवार को हिण्डाल्को ग्रामीण विकास विभाग के महाप्रबंधक तेज बहादुर माथुर ने मुंबई के ग्रीनवे इन्फ्रा के संस्थापक अंकित माथुर को रेणुकूट आमंत्रित कर उनके संस्थान द्वारा अत्यधिक कम ईंधन के प्रयोग से लगभग धूम्ररहित ग्रीनवे स्टोव के बारे में जानकारी प्राप्त की।
ग्रीनवे स्टोव को ग्रामीणों के लिए उपयुक्त पाए जाने पर हिण्डाल्को ग्रामीण विकास विभाग ने म्योरपुर में संचालित आदित्य बिड़ला रूरल टेकभनोलाजी पार्क में दुद्धी, बभनी एवं म्योरपुर विकास खंडों की ग्रामीण महिलाओं के बीच अंकित माथुर ने प्रदर्शन किया। इसके अतिरिक्त देवरी एवं असनहर गांवों में भी कार्यशाला का आयोजन कर स्टोव का प्रदर्शन किया गया। इस दौरान अंकित माथुर ने कम लकड़ी का प्रयोग कर स्टोव को जलाकर खाना बनाने का प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया कि ग्रामीण अंचलों में इस्तेमाल की जाने वाले पारंपारिक चूल्हों में लकडि़यों से बहुत धुआं निकलता है जो पर्यावरण के साथ-साथ गृहणियों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। बताया कि ग्रीनवे स्टोव के प्रयोग से कम ईंधन खर्च होगी तथा बहुत कम समय में खाना तैयार होगा। इस दौरान धुआं नाम मात्र होगा। इससे स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव नहीं होगा। इस दौरान स्टोव के प्रदर्शन पर ग्रामीण गृहणियों में बहुत उत्सुकता देखी गई। कार्यशाला की सफलता के लिए रेणुसागर ग्रामीण विकास विभाग के समर जैन के साथ साथ यशवंत कुमार, अरविंद, कृष्ण कुमार, रेहाना, देवंती, लालकेश, विश्वनाथ आदि ने अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।