सोनभद्र (ब्यूरो)। शासन के निर्देश पर लोगों की समस्याओं को सुनने के लिए प्रत्येक कार्यालयों में जनता दरबार लगाया जाएगा। सोमवार, बृहस्पतिवार और शुक्रवार को अधिकारी सुबह दस से बारह बजे तक जनता की समस्याएं सुनेंगे तथा निश्चित सीमा में समस्याओं का निस्तारण करेंगे। प्रभारी जिलाधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश शासन के मुख्य सचिव द्वारा भेजे गए पत्र में इस आशय का निर्देश अंकित है। संवेदनशील और जवाबदेह प्रशासन नई सरकार की शीर्ष प्राथमिकता है। स्थानीय स्तर की समस्याओं के लिए लोगों को प्राय: जिला मुख्यालय के चक्कर काटने पड़ते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए समस्याओं के स्थानीय स्तर पर समाधान के लिए जनता दरबार लगाने का निर्णय लिया गया है। डीएम, एसपी द्वारा सोमवार, बृहस्पतिवार और शुक्रवार को पूर्वाह्न दस से बारह बजे तक समस्याओं को सुनेंगे। इसी तरह ब्लाक, थाना, तहसील स्तर पर सभी कार्यालयों के अधिकारी कर्मचारी मंगलवार और रविवार को छोड़ कर सभी कार्यदिवसों में जनता दरबार लगाएंगे।