ओबरा। कामगारों की ज्वलंत समस्याओं को लेकर यूपी बिजली बोर्ड इंप्लाइज यूनियन के बैनर तले कामगारों ने गुरुवार को परियोजना के मुख्य द्वार झरियानाला गेट पर क्रमिक अनशन की शुरुआत की। पहले दिन एसपी कुशवाहा, लल्लन, रामराज, अमेरिका, मंगरू प्रसाद चौहान को माला पहना कर संगठन के पदाधिकारियों ने अनशन पर बैठाया। इस दौरान कामगारों ने नारेबाजी की।
इस दौरान हुई सभा में संघ के क्षेत्रीय मंत्री अनिल कुमार चौधरी ने कहा कि सत्रह सूत्री मांग को लेकर यूनियन स्थानीय प्रबंधन सहित उच्च प्रबंधन को अवगत कराता रहा है। इसके बावजूद जायज मांगों पर कोई कारगर कदम नहीं उठाए गए। इसको लेकर संगठन ने आंदोलन की राह पकड़ी है। चेतावनी दी कि मांगों पर विचार नहीं किया गया तो आगे बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रबंधन कामगारों के जटिल समस्याओं पर गंभीरता पूर्वक निर्णय ले ताकि मांगों पर पहल हो सके।
उन्होंने कहा कि 17 सूत्री मांगों में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को प्रथम समयबद्ध वेतनमान 4200-6400, द्वितीय 5300-8600 एवं तृतीय समयबद्ध वेतनमान 8500-13500, सहमति के आधार पर 19 वर्ष में तीनों समयबद्ध वेतनमान के आदेश, विकल्प पत्र की सुविधा प्रदान करने की मांग शामिल है।
कहा कि चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को वरिष्ठता के आधार पर पदोन्नति, 42 सौ ग्रेड पे के जगह 54 सौ ग्रेड पे किया जाए, संविदा श्रमिकों को नियमित करने आदि मांगें शामिल हैं। श्री चौधरी ने कहा कि परियोजना कालोनी की स्थिति बद से बदतर हो चुकी है। अनुरक्षण कार्य न होने से आवास के अलावा सड़क भी जर्जर होते जा रहे हैं।
स्थानीय प्रबंधन से कामगारों में एक आस है कि कामगारों के समस्याओं का निराकरण हो जाएगा, लेकिन मांगों पर अब तक कोई ठोस पहल न किए जाने से कामगारों में रोष व्याप्त है। संयुक्त मंत्री कामरेड राजू सिंह ने कहा कि 17 सूत्री मांगपत्र पर प्रबंधन टाल मटोल कर रहा है। जायज मांगों पर परियोजना प्रबंधन पहल करे, जिससे कामगारों का मनोबल बना रहे। सभा में लालचंद, सतीश कुमार, अरूण कुमार पासवान, रामा प्रसाद, मोहम्मद आलवीन, भोला राम, जगदीश पटेल, एचएन शर्मा, टीडी मौर्या, मुन्नीलाल गुप्ता, मुसाफिर यादव, वीरेंद्र शर्मा आदि ने विचार व्यक्त किए। अध्यक्षता राज बहोर पटेल और संचालन योगेंद्र ने किया।