नैमिषारण्य (सीतापुर)। नैमिषारण्य तीर्थ विकास परिषद का गठन होने के बाद अब यहां पर समुचित विकास कराया जाएगा। इसको लेकर एमएलसी ने रविवार को नैमिषारण्य में गोमती नदी में नाव से प्रमुख तीर्थों का भ्रमण किया। उन्होंने राजघाट से देवदेवेश्वर, रुद्रावर्त, कोल्हुआ बरेठी तक गोमती नदी का भ्रमण कर जायजा लिया।
एमएलसी पवन सिंह 27 नवंबर से नैमिषारण्य और मिश्रिख का भ्रमण कर स्थानीय लोगों के साथ बैठक कर समस्याओं की जानकारी ले रहे हैं। उपेक्षित तीर्थों के बेहतर विकास के संबंध में लोगों से सुझाव लिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गोमती नदी न केवल नैमिष तीर्थ बल्कि प्रदेश की समृद्ध संस्कृति की वाहक है। हम इस बात का प्रयास करेंगे कि गोमती नदी को स्वच्छ बनाया जाए।
गोमती नदी के तटों का भी सौंदर्यीकरण करने के साथ ही तीर्थ को गरिमा के अनुरूप विकसित किया जाएगा। इससे आने वाले पर्यटक गोमती नदी जल मार्ग से यहां के पौराणिक मंदिर और गोमती के आसपास आरण्य का आनंद ले सकें। उन्होंने रुद्रावर्त घाट पर श्रद्धालुओं के लिए बरामदा, शौचालय और अन्य यात्री सुविधाएं बढ़वाने के लिए आश्वासन दिया।
इस दौरान लोकभारती के जिला संयोजक कमलेश सिंह, देशराज यादव प्रधान बरेठी, सुधीर सिंह, शिवम सिंह, शैलेंद्र वर्मा सहित कई भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।