दबंगों के हंगामे की सूचना पर गांव गई थी पुलिस
- असलहे लहराकर गांव के लोगों को दे रहे थे धमकी
- पुलिस ने तीन लोगों को बंदूक सहित गिरफ्तार किया
अमर उजाला नेटवर्क
ईंटारोरा-सिंधौली। शराब पीकर गांव के लोगों से गाली-गलौज और बंदूक तानकर हंगामा कर रहे तीन लोगों को पुलिस ने धर दबोचा। इस दौरान महिलाओं ने पुलिस टीम से अभद्रता करते हुए बवाल काटा।
गांव गैलतपुर में आज सुबह गांव के ही कुछ लोगों ने शराब के नशे में हंगामा शुरू कर दिया। उक्त का कहना था कि गांव के लोग विकास कार्यों की जांच कराने की मांग की पत्र अधिकारियों को भेजे। लोगों ने उनसे खुद ही शिकायत करने को कहा तो उन्होंने शिकायत नहीं करने पर सबक सिखाने की धमकी देते हुए गाली गलौज शुरू कर दी। दबंगों के असलहे लहराने से गांव में दहशत फैल गई। इस बीच किसी ने मामले की जानकारी पुलिस को दी।
सूचना पाकर कोरोंकुइयां चौकी प्रभारी सतेंद्र सिंह सिपाहियों के साथ गांव पहुंचे। पुलिस के आने की जानकारी पाकर हंगामा कर रहे लोग घरों में छिप गए। पुलिस ने उन्हें तलाश करने के लिए घरों में घुसने की कोशिश की तो दबंगों के घर की महिलाएं पुलिस से भिड़ गई। महिलाओं ने एक सिपाही को घर के अंदर बंद कर लिया। पुलिस ने बमुश्किल उसे बाहर निकाला।
इसके बाद पुलिस ने तीन लोगों को धर दबोचा। एक के पास से बंदूक भी बरामद की गई है। बताया जाता है कि दबंगों के पास मिली बंदूक किसी अन्य व्यक्ति की है। पुलिस आरोपियों की जांच कर रही है।
पकड़े गए लोगों का धारा 151 के तहत चालान किया जाएगा। बरामद बंदूक के लाइसेंस की जानकारी की जा रही है। महिलाओं ने पुलिस के साथ अभद्रता नहीं की है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- सतेंद्र सिंह, चौकी प्रभारी, कोरोंकुइयां, सिंधौली