पढ़ें अमर उजाला ई-पेपर
कहीं भी, कभी भी।
*Yearly subscription for just ₹299 Limited Period Offer. HURRY UP!
गुस्साए लोगों ने की पुलिस के खिलाफ नारेबाजी
- कस्बे में तनाव के चलते बंद रहा बाजार
- अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
अमर उजाला नेटवर्क
निगोही (शाहजहांपुर)। कस्बे में स्थित एक धार्मिक स्थल में शुक्रवार तड़के शरारती तत्वों ने किसी जानवर का मांस फेंक दिया। सुबह धार्मिक स्थल में मांस पड़ा देख लोगों में रोष फैल गया। वे पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए थाने के लिए रवाना हुए लेकिन कुछ लोगों ने उन्हें समझाबुझा कर रास्ते में रोक लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मांस को कब्जे में लेकर सील कर जांच को भेज दिया। एडीएम (प्रशासन), एएसपी ग्रामीण आदि मौके पर पहुंच गए। लोगों की सजगता और प्रशासन की सूझबूझ से संप्रदायिक माहौल बिगड़ने से बच गया। घटना को लेकर तनाव और डर का माहौल रहा जिससे पूरे दिन बाजार बंद रहा। पुलिस ने मांस फेंकने वाले अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
कस्बे के बीच एक संप्रदाय का सबसे बड़ा धार्मिक स्थल है। शुक्रवार तड़के करीब चार बजे बाइक से आए अज्ञात लोग धार्मिक स्थल में हरे रंग की पन्नी में भरा मांस फेंक गए। लघुशंका को उठे धार्मिक स्थल की देखरेख करने वाले इमाम अहमद रजा ने किसी चीज को अंदर फेंके जाने की आवाज सुनी। देखा तो पन्नी फेंककर कुछ लोग बाइक से भाग रहे थे। इमाम ने देखा कि थैली में किसी जानवर का मांस है। इसी दौरान सुबह इबादत करने के लिए लोग धार्मिक स्थल में आने लगे। इमाम ने इसकी जानकारी लोगों को दी। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने थैली को कब्जे में लेकर सील करने के बाद जांच को भेज दिया। धर्मस्थल में मांस फेंकने को लेकर कस्बे में काफी तनाव का माहौल रहा। इसे देखते हुए एडीएम (राजाराम), एएसपी (ग्रामीण) केबी सिंह, सीओ सदर संजय कुमार, एसडीएम तिलहर पदम सिंह आदि मौके पर पहुंच गए।
अफसरों ने संभ्रांत नागरिकों के सहयोग से माहौल को बिगड़ने से बचा लिया। एहतियात के तौर पर मौके पर पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया है। सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से कस्बे में भारी पुलिस फोर्स भ्रमण करता रहा। पुलिस बल के जवान टोलियां बनाकर कस्बे में घूमते रहे। मुख्य मार्ग के अलावा हमजापुर चौराहे आदि पर विशेष सतर्कता बरती गई।
खुलासे के लिए एसओजी भी लगी
घटना को चुनौती के रूप में लिया जा रहा है। रिपोर्ट दर्ज करने के बाद हर पहलू से छानबीन की जा रही है। जल्द ही वर्कआउट कर शरारती को सलाखों के पीछे डाला जाएगा। खुलासे के लिए एसओजी भी लगाई गई है।
- केबी सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण)
शरारती तत्वों पर लगाई
जाएगी एनएसए: एएसपी
एएसपी देहात केबी सिंह ने कहा कि धार्मिक स्थल में मांस फेंककर एक बड़े संप्रदाय की भावनाओं को आहत किया गया। ऐसा करने वालों का कोई धर्म-इमान नहीं होता। एएसपी ने कहा कि शरारती तत्वों को जल्द से जल्द पकड़ा जाएगा। सर्विलांस टीम की मदद से एसओजी खुलासे के लिए जुट गई है। पकड़े जाने के बाद शरारती तत्वों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) की कार्रवाई की जाएगी।
कायम रहेगा एकता का परचम
जामा मस्जिद के सदर मोहम्मद इकबाल ने कहा कि बह जाए मेरा खून पसीना तो गम नहीं, हम एकता का परचम लहराकर रहेंगे। उन्होंने कहा कि असामाजिक तत्वों ने धार्मिक स्थल में मांस फेंक कर अमन बिगाड़ने की कोशिश की, लेकिन जनता के सहयोग से उनके मंसूबे पूरे नहीं होंगे।
हर हाल में कायम रहे अमन चैन
मस्जिद के इमाम अहमद जान ने लोगों से हर हाल में कस्बे और क्षेत्र में अमन चैन कायम रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जिसने गुनाह किया है, उसे सजा मिलेगी। इसके लिए प्रशासन को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। साथ ही लोगों को धैर्य रखते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सहयोग करना चाहिए।