चित्र प्रदर्शनी में दर्शाए ग्लोबल वार्मिंग के कारण
- विजयी प्रतिभागियों को किया पुरस्कृत
अमर उजाला नेटवर्क
जलालाबाद। विश्व पर्यावरण दिवस पर राष्ट्रीय युवा विकास शोध संस्थान की ओर से गांव पिटारमऊ में संगोष्ठी, चित्र प्रदर्शनी और सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इन सबके जरिए लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया गया।
कार्यक्रम में राष्ट्रपति पुरस्कृत शिक्षक विष्णु दत्त द्विवेदी ने कहा कि कृषि प्रधान भारत देश में रसायनों के अंधाधुंध प्रयोग से जमीन की उर्वरा शक्ति कम होती जा रही है। बोले: घर में तुलसी, दरवाजे के पास नीम तथा चौराहों, तिराहों पर पीपल तथा बरगद लगाकर प्रदूषण को रोका जा सकता है। विशिष्ट अतिथि आनंद त्रिवेदी ने कहा कि विश्व पर्यावरण सुरक्षा मनुष्य की प्रथम आवश्यकता होनी चाहिए। बोले: जल, वायु, मृदा आदि में फैलते प्रदूषण से पूरी मानव जाति को खतरा उत्पन्न हो गया है। उन्होंने कहा कि इस बढ़ते संकट को देखते हुए सभी लोगों को पांच-पांच पेड़ लगाने का संकल्प लेना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण के लिए चित्र प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें ग्लोबल वार्मिंग के प्रमुख कारणों को दर्शाकर उनसे बचाव के उपाय दर्शाए गए थे। इसके अलावा पर्यावरण सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में प्रथम स्थान वैभव ने जबकि दूसरा और तीसरा स्थान क्रमश: भारती और अर्जुन यादव ने प्राप्त किया जबकि राम सिंह को सांत्वना पुरस्कार मिला।
कार्यक्रम में सुबोध कुमार सक्सेना, अखिलेश कुमार शर्मा, अजय कुमार, कृष्ण मुरारी पांडेय, कुलदीप सक्सेना, आरके पांडेय ने भी विचार रखे। कार्यक्रम आयोजक तथा संस्थान के सचिव ब्रजेश कुमार ने सभी का आभार जताया।