16 लोग घायल, तीन की हालत गंभीर
- मामूली बात पर द्वाराचार के दौरान बढ़ गया था विवाद
अमर उजाला नेटवर्क
खुटार। खीरी गई बारात में मामूली विवाद के चलते 16 बाराती घायल हो गए। तीन युवक गंभीर घायल हुए हैं। तीनों को खुटार के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गांव धनसिंहपुर के श्रीकृष्ण के पुत्र विजयपाल की शादी खीरी जनपद के पलिया थाना क्षेत्र के धूसर टापर निवासी चैनू की पुत्री सुनीता से तय हुई थी। दो जून को बारात धूमधाम से वधू पक्ष के यहां पहुंची। द्वाराचार के दौरान बाराती और जनाती पक्ष के लोगों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। वधू पक्ष के लोगों ने बारातियों को दौड़ा दौड़ाकर पीटना शुरू कर दिया। इससे बारात में भगदड़ मच गई। बारात में गए गांव धनसिंहपुर के संजीव, राजेश कुमार, रोहन, घासी, रामाधार, शिवचंद्र, जसपाल, विनोद, अजयपाल, टीकाराम, सतीश कुमार, कुंभकरण, खीरी के थाना मैलानी के गांव छेदीपुर निवासी प्रेमराज और पीलीभीत के थाना सेहरामऊ उत्तरी के गांव बांसबोझी निवासी अरुण कुमार घायल हुए हैं।
विवाद के बाद वधू और उसके पिता ने शादी से इंकार कर दिया। बाद में काफी देर तक चली पंचायत के बाद लड़की का पिता शादी को राजी हुआ। शादी के बाद बारात वापस लौट आई। गंभीर घायल संजीव, रामाधार और राजेश को खुटार के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने राजेश की हालत नाजुक बताई है।