भाई ने लगाया दहेज हत्या का आरोप
- ससुराली बोले, पति-पत्नी में कहासुनी पर सुनीता ने पी लिया कीटनाशक
अमर उजाला नेटवर्क
देवकली-बंडा। ससुराल में महिला की संदिग्ध हालत में मौत होने पर भाई ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने शव पीएम को भेजा है।
गांव कमालपुर के राजेश उर्फ राजू ने पुलिस को बताया कि उसने अपनी बहन सुनीता देवी की शादी तीन वर्ष पूर्व गांव देवकली के वीरपाल सिंह के पुत्र पिंकू के साथ की थी। शादी में हैसियत के अनुसार दान भी दिया गया था। ससुराल के लोग शादी में दिए गए सामान से संतुष्ट नहीं थे। यह लोग दहेज में बाइक, रंगीन टीवी और 25 हजार की नकदी की मांग कर रहे थे। दहेज नहीं देने पर बहन को प्रताड़ित किया जाने लगा।
बीती शाम वह बहन को ससुराल तक छोड़ आया था। आज सुबह उसे जानकारी मिली कि बहन को दहेज के लिए मार दिया गया है। जानकारी पर वह बहन की ससुराल पहुंचा तो उसका शव कमरे में पड़ा था। ससुराल के लोग शव को छोड़कर भाग गए थे। राजू की तहरीर पर पुलिस ने पति पिंकू , ससुर वीरपाल सिंह, सास कुसुमा देवी, जेठ अमर सिंह, जेठानी विनीता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
उधर, ससुराल के लोगों को कहना है कि पति-पत्नी में कुछ कहासुनी हो जाने पर सुनीता ने कीटनाशक दवा का सेवन कर आत्महत्या की है।
दहेज उत्पीड़न में पति
सहित कई नामजद
जलालाबाद। गांव पल्हरई की सुनीता ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसकी शादी तीन साल पहले थाना कांट के गांव तोहड़ी कुर्रिया निवासी रामलखन के साथ हुई थी। साल भर तक सबकुछ ठीकठाक रहने के बाद पति समेत ससुराल के लोग उस पर सोने की चैन, अंगूठी और भैंस दहेज में लाने की मांग कर प्रताड़ित करने लगे।
विवाहिता का आरोप है कि मांग पूरी न होते देख दो दिन पहले ससुरालियों ने उसे जमकर पीटा। जानकारी पाकर उसके पिता उसे मायके ले आए। पुलिस ने मिली तहरीर के आधार पर सुनीता के पति रामलखन, जेठ प्रकाश, देवर रामरतन, ससुर रामसरन, सास गुड्डी, जेठानी धनदेवी तथा देवरानी देवकी के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
छह बच्चों की मां फरार
सेहरामऊ दक्षिणी। गांव हंसुआ जाजू में रहने वाली एक महिला अपने छह बच्चों को छोड़ प्रेमी के साथ नगदी-जेवर लेकर फरार हो गई। इस बावत महिला के पति ने थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।