भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने निकाली ‘फॉर सेल’ वाहन रैली, भाकपा ने सड़क की जाम
0 कांग्रेस अध्यक्ष, प्रधानमंत्री का पुतला फूंका
0 उपभोक्ताओं ने तांगा चलाकर जताया विरोध
सिटी रिपोर्टर
शाहजहांपुर। पेट्रोल मूल्य वृद्धि के विरोध में भाजपा सहित कई संगठनों ने जबर्दस्त विरोध प्रदर्शन किया। भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने ‘फॉर सेल’ वाहन रैली निकालकर पुतला फूंका और तांगा चलाकर विरोध जताया, वहीं भाकपा कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम कर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और प्रधानमंत्री का पुतला फूंककर प्रदर्शन किया।
दो साल में दसवीं बार हुई पेट्रोल कीमतों में बढ़ोत्तरी के विरोध में भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की अर्थी निकालकर जेलरोड पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के खिलाफ प्रदर्शन कर पुतला दहन किया। प्रदर्शनकारी कलक्ट्रेट पहुंचे, जहां हुई सभा को संबोधित करते हुए विभाग संयोजक अंशुल सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में भ्रष्टाचार और महंगाई ने गरीबों की कमर तोड़ दी है। नगराध्यक्ष आशीष वर्मा ने कहा कि पेट्रोल बढ़ी कीमतों और आसमान छूती महंगाई से आजिज जनता अगले लोकसभा चुनाव में सबक सिखाएगी। उपाध्यक्ष अश्वनी मिश्रा ने कहा कि जनता केंद्र सरकार को सबक सिखाने के लिए बेताब है। सभा का संचालन महामंत्री रतन वर्मा ने किया। प्रदर्शन में रामकुमार गुप्ता, प्रमोद शर्मा, राहुल सक्सेना, रितेश सिंह, अरुण आर्य, प्रदीप मिश्रा, मानू मिश्रा आदि शामिल रहे।
भाजयुमो नगर उपाध्यक्ष चौधरी विपिन सिंह यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने वाहनों पर फॉर सेल का बोर्ड लगाकर रैली निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन जताया। टाउन हाल पर हुए प्रदर्शन में आलोक अग्निहोत्री, सौरभ सोमवंशी, गौरव शुक्ला, रोहित दीक्षित, आकाश भारती आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।
उधर, उपभोक्ताओं ने पेट्रोल कीमतों में बढ़ोत्तरी केविरोध में बाजार में तांगा चलाकर विरोध प्रदर्शन किया। इस मौके पर भाजयुमो के पूर्व जिला महामंत्री सुमित सेठ ने कहा कि जब विश्व बाजार में कच्चे तेल की कीमतें गिर रही हैं तो ऐसे में पेट्रोल कीमतों मे ऐतिहासिक बढ़ोत्तरी समझ से परे है। साफ है कि देश की अर्थनीति बनाने वालों आम आदमी की स्थिति पर गौर नहीं करते हैं। इस मौके पर अखिल टंडन, मनोज शर्मा, प्रांजल, सनी, बालकृष्ण रोहरा, अरुण रस्तोगी, रिंकू टंडन, विकास, संजय आदि शामिल रहे।
भाजपा की कचहरी रोड स्थित पार्टी कार्यालय में हुई बैठक में पेट्रोल कीमतों में हुई बढ़ोत्तरी की निंदा की और यूपीए सरकार के इस जनविरोधी कदम के खिलाफ संघर्ष का ऐलान किया। बैठक को बृज क्षेत्र के सह संयोजक जेपीएस राठौर, राहुल कुमार, सत्येंद्र शुक्ला, धर्मेंद्र प्रताप सिंह राठौर, रजनीश दीक्षित, राकेश मिश्रा अनावा, अशर्फी आदि ने संबोधित किया।
भाजपा विधायक सुरेश खन्ना ने इस वृद्धि की आलोचना करते हुए इसे आम जनता पर कुठाराधात और महंगाई बढ़ाने वाला कदम बताया है। उन्होंने जनहित में पेट्रोल की बढ़ी कीमतें वापस लेने की केंद्र सरकार से मांग की है।
भाकपा कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल मूल्य बढ़ोत्तरी के विरोध में राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगाया और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का पुतला फूंककर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बढ़ी कीमतें वापस लिए जाने की मांग की। इस मौके पर सह सचिव रामशंकर लाल, सरेश कुमार, नील कमल नीलू आदि मौजूद रहे।