कीमतों में बेतहाशा बढ़ोत्तरी से उपभोक्ता हैरान
0 खबर आते ही पंपों पर लगी वाहनों की कतारें
0 महंगाई के लिए सभी नें कांग्रेस को कोसा
शाहजहांपुर। पेट्रोल की कीमतों में बेतहाशा बढ़ोत्तरी से उपभोक्ताओं को खासी हैरानी हुई है और सभी ने कांग्रेस की सरकार को जमकर कोसा है। पेट्रोल के दाम 7.50 रुपये बढ़ने के समाचार प्रसारित होने से उपभोक्ताओं और राजनैतिक दलों में जहां तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं होने लगी वहीं पेट्रोल पंपों पर उपभोक्ताओं की लम्बी कतारें लग गई जो देर रात तक जारी रही।
महंगाई की मार से पहले से ही आहत जनता को अब पेट्रोल की बढ़ी कीमतों ने एकदम झकझोर दिया है। कांग्रेस शासनकाल में इसे दसवीं बार बढ़ोत्तरी बताया जा रहा है और यह अब तक सबसे अधिक बढ़ोत्तरी है। पिछली बार तीन रुपये लीटर तक की मूल्यवृद्धि हुई थी लेकिन इस बार सबसे ज्यादा 7.50 रुपये वृद्धि हुई है। पेट्रोल की कीमतों के बढ़ने का असर अन्य उपभोक्ता वस्तुओं पर पड़ने की संभावना से इनकार नही किया जा सकता है। पेट्रोल कीमतों में हुई बढ़ोत्तरी पर विभिन्न वर्गो की राय जाननी चाही तो सभी ने कांग्रेस की सरकार को जमकर कोसा।
000000000
पेट्रोल की कीमतें बढ़ाने के बजाय केंद्र सरकार को कैरोसिन की कीमतें बढ़ानी चाहिए। इस बार कीमतों में सबसे ज्यादा बढ़ोत्तरी करके सरकार ने आम उपभोक्ताओं पर सबसे ज्यादा आर्थिक बोझ डाला है। पहले से ही महंगाई की मार झेल रही जनता को पेट्रोल मूल्य वृद्धि से कमर टूटेगी।
-वीके कपूर, अध्यक्ष शाहजहांपुर पेट्रोलियम एसोसिएशन।
000000000
पेट्रोल की कीमतों में भारी बढ़ोत्तरी किया जाना किसी भी हालत में उचित नही है। इससे महंगाई और बढ़ेगी और इसका बोझ आमजनता पर पड़ेगा। पेट्रोल की कीमतों को बढ़ाने की बजाय सरकार को इसके मूल्यों मे कमी की जानी चाहिए। -सुचित सेठ, उपभोक्ता, निवासी मो. चौक।
000000
कांग्रेस महंगाई और भ्रष्टाचार की जननी है। इसके शासनकाल में 10वीं बार पेट्रोल की कीमतों में इजाफा हुआ है जो आम जनता केसाथ सरासर अन्याय है। पेट्रो कीमतों में बढ़ोत्तरी कांग्रेस की विदाई का सबब बनेगी।
-वीरेंद्र पाल सिंह यादव, जिला संयोजक भाजपा।
00000000000
महंगाई की जननी कांग्रेस सरकार के पेट्रोल मूल्य बढ़ाना उसके लिए ही घातक होगा। कांग्रेस शासनकाल में महंगाई की मार ने पहले ही आमजनता की कमर तोड़ रखी है। अब पेट्रोल कीमतें बढ़ने से महंगाई चरम पर पहुंचेगी।
-दिनेश कुमार, जिलाध्यक्ष बसपा।