पीलीभीत के अमरिया का रहने वाला था मृतक
खमरिया-खुटार। मछली पकड़ने गए एक व्यक्ति की झुकना नदी में डूबकर मौत हो गई। सूचना पाकर पहुंचे आसपास के लोगों ने शव को नदी से निकालकर मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है।
पीलीभीत के कस्बा अमरिया निवासी 38 वर्षीय पप्पू यहां के गांव झदिया में एक फार्मर के यहां झोपड़ी डालकर रह रहा था। इस दौरान वह आसपास के फार्मरों के यहां मजदूरी कर गुजर बसर करता था। मंगलवार दोपहर बाद वह पास में ही झुकना नदी में मछलियां पकड़ने गया था। मछली पकड़ते समय वह महानंद नाम के गहरे कुंड में चला गया। आसपास मौजूद लोगों ने मगरमच्छ का शिकार होने की अफवाह फैला दी। आसपास के तमाम फार्मर मौके पर जा पहुंचे और उसके शव की तलाश शुरू की तो कुंड से उसका शव बरामद हो गया। फार्मरों ने बताया कि मृतक के कोई परिजन नहीं था। वह बहन से फोन पर बात किया करता था। फोन नंबर के अधार पर उसे घटना की जानकारी दी गई तो उसने यहां आने से इंकार कर दिया।