पूर्व प्रधानमंत्री की पुण्यतिथि पर हुईं गोष्ठियां और सभाएं
- युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गरीबों को वितरित किए फल
सिटी रिपोर्टर
शाहजहांपुर। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की 21वीं पुण्यतिथि पर कांग्रेसजनों ने गोष्ठियां और सभाएं करके उनका भावपूर्ण स्मरण किया। दिवंगत नेता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए पार्टीजनों ने राष्ट्र के निर्माण में स्व. गांधी के योगदान को नमन करके उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प किया।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने अपने आवास पर स्थित कार्यालय पर दिवंगत नेता को भावपूर्ण श्रद्घांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने कहा: स्व. गांधी ने देश को संचार क्रांति समेत विकास के पथ पर ले जाने में जो अप्रतिम योगदान दिया, उस देश की जनता कभी भुला नहीं पाएगी। उन्हें सच्ची श्रद्घांजलि यही होगी कि उनके बताए आदर्शों को व्यक्तिगत जीवन में अपनाया जाए।
टाउनहाल स्थित कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में कांग्रेसजनों ने स्व. गांधी के चित्र पर श्रद्घा के फूल चढ़ाए। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र दीक्षित ने दिवंगत नेता केप्रधानमंत्रित्व काल की उपलब्धियों का हवाला देते हुए कहा कि उन्होंने देश हित में अपने प्राण न्योछावर करने का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया। जगदीश कुशवाहा के संचालन में हुई बैठक में शहर अध्यक्ष सुहेल बेग, आसिफ अली खां, मुजीबउर्रहमान खां, विपिन त्रिपाठी, मुस्तकीम अंसारी, रविंदर सिंह, राजीव गुप्ता, अनवर जमाल, केवी मिश्रा, हरनाम कटियार, अरशद राही आदि मौजूद रहे।
युवा कांग्रेस के लोकसभा अध्यक्ष रोहित सिंह ने पार्टी कार्यालय में युवाओं की सभा को संबोधित करते हुए स्व. गांधी को भावपूर्ण श्रद्घांजलि दी। युवा कार्यकर्ताओं ने दिवंगत नेता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद संगठन अध्यक्ष री सिंह के नेतृत्व में बाबा विश्वनाथ मंदिर पहुंचकर गरीबों को फल वितरित किए। इस मौके पर अनूप वर्मा, प्रशांत कठेरिया, फुरकान अहमद कुरैशी, संतोष गुप्ता, प्रवीण वर्मा, विपिन त्रिपाठी, उवैस सलमानी, सुशील शुक्ला, शेखर त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।
पुवायां। सुबह होते ही तमाम कांग्रेस कार्यकर्ता राजीव चौक पर एकत्र हुए और पूर्व प्रधानमंत्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान श्री गांधी के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद किया गया। इस दौरान हरेंद्र शुक्ला, डा. आनंद आर्य, डा. हरीश दीक्षित, राजीव राजे, कुलदीप पाठक, रामप्रकाश मिश्र, रामलड़ैते मिश्र, रमाकांत शास्त्री आदि मौजूद रहे।
जलालाबाद। तहसील सभागार कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में एसडीएम ओमप्रकाश तिवारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार के अलावा सभी कर्मचारी मौजूद रहे। उधर, कांग्रेस नेता श्याम बाबू सिंह के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में स्वर्गीय राजीव गांधी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। इस मौके पर सुनील भारद्वाज, गोपाल मोहन, नवीन सक्सेना मौजूद रहे।
बंडा। जिला महासचिव हृदयेश कुमार पांडे ने श्री गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस मौके पर ब्लाक अध्यक्ष सुनील कुमार, यादव चंद्र वर्मा, कपूरी सिंह, नेतराम वर्मा, रामऔतार वर्मा, डम्मरलाल आदि मौजूद रहे।