सीओ सिटी से मिले व्यापारी
- दस से दस प्रवेश निषेध के गिनाए नुकसान
सिटी रिपोर्टर
शाहजहांपुर। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने शहर में नो इंट्री का समय बदलने की मांग की है। जिलाध्यक्ष कुलदीप सिंह दुआ के नेतृत्व में सीओ सिटी राजेश्वर सिंह से इस संबंध में शिष्टमंडल मिला और समस्याओं से अवगत कराया।
श्री दुआ ने सीओ सिटी को बताया कि शहर में नो इंट्री का समय सुबह 10 से रात्रि 10 बजे तक का निर्धरित है। इससे व्यापारियों को अपनी सुरक्षा का भय बना हुआ है क्योंकि रात 10 बजे नो इंट्री खत्म होने के बाद बाहर से आने ट्रकों से आने वाले माल की अनलोडिंग में करीब चार घंटे लग जाते हैं और रात के दो बजते हैं। ऐसे हालात में व्यापारी का घर जाना रिस्की होता है।
उन्होंने नो इंट्री का समय सुबह आठ बजे से रात आठ बजे किए जाने की मांग करते हुए कहा कि इससे व्यापारियों को आसानी होगी और रात में 12 बजे तक हर हाल में अपने घर पहुंच सकेगा। व्यापारियों ने मुख्य रूप से अंटा चौराहा, अनजान चौकी, मालखाना मोड़, खिरनीबाग आदि चौराहों पर ट्रैफिक सिपाहियों की बढ़ती संख्या को कम करने की मांग की है। इन चौराहों पर कई-कई सिपाही खड़े रहते हैं जबकि एक-दो सिपाही ही काफी है। इस मौके पर जिला महामंत्री नाजिम खां, महामंत्री सुरेश रैना, युवा जिलाध्यक्ष ललित खुराना, नीरज गुप्ता, राजीव कुमरा, अभिषेक गुप्ता, रवि खुराना, अतुल गुप्ता, श्याम गुप्ता, विनय मेहरोत्रा, आलोक कौशिक, हरीश बजाज आदि मौजूद रहे।