गांव के लोगों में दहशत
मकसूदापुर-बंडा। गांव नटिउरा में मंगलवार को मगरमच्छ आ जाने से अफरातफरी मच गई। गांव के तमाम लोग मौके पर आ जुटे और मगरमच्छ को बांध दिया। बाद में वन विभाग की टीम ने उसे खन्नौत नदी में छुड़वा दिया।
गांव से लगभग 500 मीटर दूर खन्नौत नदी है। आज नदी से एक मगरमच्छ निकलकर गांव आ गया। गांव का इरशाद अली घास लेकर घर जा रहा था। रास्ते में सुखवीर सिंह के खेत की मेड़ पर मगरमच्छ को देख वह भाग खड़ा हुआ। गांव जाकर उसने जानकारी दी तो तमाम लोग मौके पर जमा हो गए। मामले की जानकारी वन विभाग के कर्मचारियों को दी गई, लेकिन काफी देर तक कोई भी मौके पर नहीं पहुंचा। इसी बीच मगरमच्छ ने लोगों पर झपटना शुरू कर दिया। किसी को नुकसान नहीं पहुंच सके उसको देखते हुए गांव के ब्रजपाल ने लोगों के सहयोग से मगरमच्छ को बांध दिया।
बाद में मौके पर पहुंचे डिप्टी रेंजर थानेश्वर प्रसाद कर्मचारियों के साथ मगरमच्छ को खन्नौत नदी में छोड़ने ले जाने लगे तो गांव के लोगों ने विरोध करते हुए कहा कि मगरमच्छ खन्नौत नदी से ही निकलकर गांव आया है। यहां छोड़े जाने से वह फिर से गांव में आ सकता है। इसके अलवा नदी में गांव के पशु पानी पीने जाते हैं। गांव के बच्चे भी नदी में नहाने के लिए चले जाते हैं। उन्हें भी मगरमच्छ से खतरा हो सकता है। वनकर्मियों ने गांव के लोगों की बात को अनसुना करते हुए मगरमच्छ को खन्नौत में छोड़ दिया।