निजी अस्पताल में प्रसव के बाद महिला की मौत
- सिविल लाइंस पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
रामपुर। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र निवासी एक महिला की निजी अस्पताल में प्रसव के बाद मौत हो गई। महिला ने एक मृत बच्चे को जन्म दिया था। बाद में सिविल लाइंस पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया है।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के पहाड़ी गेट निवासी रुकसाना का बेटा रामिश दुबई में रहकर मजदूरी करता है। रामिश की शादी एक साल पहले जेबा से हुई थी। शादी के बाद दोनों का जीवन ठीक चल रहा था, जिसके बाद रामिश दुबई चला गया और उसकी पत्नी जेबा अपनी सास के साथ रहने लगी। जेबा गर्भवती थी। उसका उपचार पास के ही एक निजी अस्पताल में चल रहा था। आरोप है कि रविवार की रात को प्रसव पीड़ा अधिक होने पर परिजन उसे एक निजी अस्पताल में ले गए और भर्ती करा दिया। वहां, जेबा ने एक मृत बच्चे को जन्म दिया। आरोप है कि प्रसव के तीन-चार घंटे बाद उपचार के दौरान जेबा की मौत हो गई। मामले की जानकारी होने पर परिजनों के होश उड़ गए। बाद में सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। सिविल लाइंस थाना प्रभारी लव सिरोही ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। परिजनों ने तहरीर नहीं दी है। इसके साथ ही अभी तक किसी तरह का आरोप नहीं है। तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। वहीं, डिप्टी सीएमओ डॉ. दशरथ सिंह ने बताया की मामले की जानकारी नहीं है, शिकायत आने पर कार्रवाई की जाएगी।