रामपुर। नगर पालिका में साफ-सफाई व्यवस्था जल्द ही निजी हाथों में जाने वाली हैं। निजी कंपनी घरों से कचरे को उठाने का काम करेगी और यूजर चार्ज तय करेगी। यूजर चार्ज तय होने के बाद इसमें पालिका का भी हिस्सा होगा। जिसको कंपनी देगी। खास बात यह है कि इसमें गाड़ियां पालिका कर्मियों की भी होंगी और ठेकेदार के कर्मी इसको चलाकर कचरा उठाने का काम करेगी। इसके लिए अभी रणनीति बनाई जा रही है। जल्द ही इस पर काम किया जाएगा।
शहर में मौजूदा समय में 161 टन कचरा उठाया जाता है। नगर पालिका के तहत अभी स्वच्छता व्यवस्था की देखरेख की जा रही है। इसमें पालिका कर्मी 50 रुपये के शुल्क के साथ कचरा उठान का काम किया जाता है। प्रत्येक 43 वार्डों में यह प्रक्रिया चलती है। मगर अब जल्द ही कूड़ा उठान की यह व्यवस्था निजी हाथों में जाने वाली है। इसके लिए पालिका स्तर से काफी प्रयास किए जा रहे हैं। पालिका में इसके लिए अभी टेंडर प्रक्रिया होनी है। टेंडर प्रक्रिया होने के बाद एक कंपनी को चिन्हित किया जाएगा जिसके जिम्मे यह व्यवस्था दी जाएगी। इसके तहत कंपनी कचरा उठाएगी और यूजर चार्ज भी वसूलेगी। जबकि नगर पालिका को भी इसमें फायदा होगा। पालिका की कई गाड़ियां भी कंपनी के द्वारा ही चलाई जाएंगी। इसके लिए कवायद शुरू कर दी गई है। 15 फरवरी के बाद इसके कंपनी के सिलेक्शन के बाद यूजर चार्ज भी तय कर दिए जाएंगे।
बता दें कि मौजूदा समय में कचरा कलेक्शन के लिए नगर पालिका की टीम लगी हुई है। इसमें कर्मचारी वार्डो से कचरा उठाने जाती है, लेकिन कचरा न उठाने की काफी अधिक शिकायते आने के बाद अब स्वच्छता व्यवस्था को निजी हाथों में देने की व्यवस्था बनाई जा रही है। इसके तहत कंपनी यूजर चार्ज लगाएगी और उसी तरह से कचरा उठाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इधर, अधिकारियों ने बताया कि 15 फरवरी के बाद इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।