रामपुर। शुक्रवार को तापमान में मामूली गिरावट हुई। इसके साथ ही दोपहर बाद हल्के बादल भी छाए, तेज धूल भरी हवाओं ने लोगों का चलना दूभर कर दिया। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इस सप्ताह सोमवार से ही आसमान से बरस रही आग ने लोगों को बेहाल करज दिया था। बृहस्पतिवार तक लगातार तापमान बढ़ते-बढ़ते 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। पारे के चालीस पार पहुंचते ही लोगों की मुश्किलें बढ़ गईं। लोग बारिश की दुआ करने लगे, बृहस्पतिवार को 41 डिग्री सेल्सियस पारे से लोग बिलबिला उठे तो शाम को आंधी से कुछ मौसम में बदलाव के संकेत मिले। शुक्रवार सुबह से साफ रहे मौसम में शाम के वक्त से आसमान में हल्के बादल छा गए तो दोपहर बाद से धूल भरी हवा चलने लगी। धूल भरी हवा ने लोगों का सड़कों पर चलना दूभर कर दिया लेकिन, मौसम के इस हल्के से बदलाव ने ही तापमान में कमी कर दी।
शुक्रवार को अधिकतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस कम होकर 38 डिग्री सेल्सियस रह गया तो करीब 18 से 20 किमी. प्रतिघंटा की रफ्तार से धूल भरी हवा चली। शुक्रवार को बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोगों ने रोजा रखा, सुबह से भीषण गर्मी में रोजेदारों को भी परेशानी हुई लेकिन, शाम से मौसम में हुए बदलाव ने हल्की राहत दी। मौसम में लगातार बढ़ रही गर्मी के कारण लोग बारिश की दुआ कर रहे हैं।