रामपुर। जिले में डेंगू बेकाबू होता जा रहा है। मामलों में रोजाना बढ़त हो रही है। शनिवार को 12 लोगों में डेंगू की पुष्टि हो गई। अब डेंगू के कुल मामले 363 पर पहुंच चुके हैं। इससे स्वास्थ्य विभाग में खलबली मची हुई है।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुुताबिक शनिवार को 37 लोगों की एलाइजा जांच की गई जिसमें 12 लोग डेंगू पॉजीटिव पाए गए हैं। इनमें कुछ मरीज निजी अस्पतालों से आए हुए हैं जबकि कुछ जिला अस्पताल के बुखार वार्ड में भर्ती थे। डेंगू संदिग्ध के तौर पर इनको भर्ती रखा गया था। जांच में डेंगू पुष्टि होने पर इनका डेंगू वार्ड में उपचार शुरू करा दिया गया है। जिला अस्पताल के डेंगू वार्ड में इस समय 10 मरीज भर्ती हैं। 3 को स्वस्थ होने पर घर भेजा गया। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि डेंगू की रोकथाम के लिए गठित की गईं टीमें लगातार सक्रिय हैं। सभी मरीजों को उपचार दिया जा रहा है।