टोल प्लाजा पर मारपीट करने वाला कार चालक गिरफ्तार
बाकी अन्य हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस कर रही प्रयास
रायबरेली। अमेठी जिले के जायस कोतवाली क्षेत्र के गांधी नगर में सुल्तानपुर-रायबरेली राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित टोल प्लाजा पर टोल कर्मियों से मारपीट करने के मामले में बुधवार को गौरीगंज पुलिस ने एक आरोपी कार चालक को दबोच लिया। वहीं अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है।
गौरतलब है कि हाईवे पर गांधी नगर के पास ऐंधी गांव के पास टोल प्लाजा है। 17 फरवरी को एक ट्रक टोल प्लाजा से होकर गुजर रहा था। चालक फास्ट टैग का प्रयोग नहीं कर रहा था। इसका टोल कर्मियों ने विरोध किया था। इस पर ट्रक चालक ने मालिक को मामले की सूचना दे दी थी। कुछ देर बाद ट्रक मालिक अन्य लोगों के साथ लाठी-डंडे से लैस होकर टोल कर्मियों पर हमला बोल दिया था।
टोल कर्मियों की जमकर पिटाई की थी। इसमें नारायण नंदन, विनय, आकाश, विजय, आशीष, आनंद, विवेक, इंशू, लकी घायल हुए थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को गौरीगंज अस्पताल पहुंचाया था। अज्ञात में पुलिस ने केस दर्ज किया था। सीओ गौरीगंज अर्पित कुमार ने बताया कि घटना में शामिल एक आरोपी शब्बीर अहमद को गिरफ्तार किया गया है। पकड़ा गया आरोपी कार चालक है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किया जा रहा है।