रायबरेली। भदोखर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को साइकिल सवार को बचाने में बाइक पर बैठी महिला सड़क पर गिर गई। उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। महिला अपने छोटे बेटे के साथ मुंशीगंज खरीदारी करने आई थी। बड़े बेटे की पांच दिन बाद गोदभराई की रस्म होनी है। हादसे से घर में शादी की खुशियां गम में तब्दील हो गईं।
कलसहा मजरे सुलखियापुर निवासी रानी (45) पत्नी रामसजीवन के बेटे देवेंद्र कुमार की शादी तय है। दो दिसंबर को गोदभराई होनी है। इसके लिए वह मुंशीगंज कस्बे में कपड़े खरीदने आईं थीं। खरीदारी के बाद छोटे बेटे पुष्पेंद्र के साथ बाइक से घर लौट रहीं थीं। मधुपुरी गांव के आगे साइकिल सवार को बचाने में बाइक असंतुलित हो गई और महिला सड़क पर गिर गईं। सिर पर गंभीर चोट लगने की वजह से वह बेहोश हो गईं।
आसपास के लोग नजदीक के अस्पताल ले गए। हालत में सुधार न होने पर महिला को जिला अस्पताल ले जाया गया। इलाज शुरू होने से पहले ही महिला की सांसें थम गईं। थानाध्यक्ष यशकांत सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
बाइकों की टक्कर में दो घायल
डीह (रायबरेली)। थाना क्षेत्र में शनिवार को दो बाइकों में टक्कर हो गई। इससे सफाई कर्मी समेत दो लोग घायल हो गए। लालू प्रसाद बिरनावां गांव में सफाई कर्मचारी है। शनिवार सुबह वह बाइक से बिरनावां गांव जा रहा था। तभी गांव के पास सामने से आ रहे दूसरे बाइक सवार ने जोरदार टक्कर मार दी। इससे लालू प्रसाद का पैर टूट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया और सड़क किनारे जा रही कृष्णा पत्नी रामनरेश निवासी नया पुरवा बिरनावां भी चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई। घायलों को सीएचसी डीह ले जाया गया। हालत नाजुक होने पर दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। दूसरा बाइक सवार वाहन समेत भाग गया। थानाध्यक्ष पंकज सोनकर ने बताया कि तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।