बिलसंडा। गांव लिलहर स्थित भगवान नील कंठ के मंदिर में प्रसाद चढ़ाते वक्त किसी उचक्के ने दो महिलाओं के कानों से कुंडल नोच लिए और फरार हो गया। शक होने पर एक वृद्ध महिला को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। उन्हीं महिलाओं से उसकी तलाशी भी कराई, लेकिन कुंडल नहीं मिले। घटना की तहरीर दोनों महिलाओं ने पुलिस को दी है। घटना से मंदिर में हड़कंप मच गया।
बाबा नीलकंठ के मंदिर में रविवार की सुबह करीब 10 बजे श्रद्धालुओं की भारी भीड़ थी। बताते हैं कि इसी बीच बरखेड़ा कलां निवासी नन्हें लाल की पत्नी देवकी देवी और शाहजहांपुर के थाना निगोही के गांव तिंदुलिया निवासी सोमवीर की पत्नी मालादेवी भी अपने-अपने पति के साथ मंदिर में प्रसाद चढ़ाने के लिए दाखिल हुईं। दोनाें महिलाएं प्रसाद चढ़ा भी नहीं पाई थीं कि इसी बीच देवकी के दोनों कानों से सोने के कुंडलनोंच लिए। कुंडल नुचते ही महिला चीखी लेकिन भीड़ और शोरशराबे की वजह से उसकी आवाज दबकर रह गई। इसके कुछ देर बाद मालादेवी के कानों से भी किसी उचक्के ने कुंडल नोच लिए और फरार हो गया। दोनों महिलाओं ने मंदिर परिसर में ही बैठे पुलिसकर्मियों को घटना बताई। पुलिस ने शक के आधार पर एक महिला को हिरासत में ले लिया शिकार हुई महिलाओं से ही तलाशी कराई। लेकिन उस महिला के पास कुंडल नहीं मिले। दोनों महिलाओं ने घटना की तहरीर दी।