पीलीभीत। लोग बढ़े, वाहन बढ़े, स्कूल-कॉलेज बढ़े और दुकानें भी। सब कुछ बढ़ा, लेकिन नहीं बढ़ी तो यातायात को नियंत्रित करने को पुलिसवालों की संख्या। बढ़ती आबादी के कारण शहर की सड़कें सिकुड़ कर रह गई। नतीजतन यहां जाम की समस्या गहरा गई। शहर के कई मार्गों में दिन में कई-कई बार जाम लगता है। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है। यहां गंभीर बात यह है कि पुलिस महकमे ने यातायात आरक्षियों की संख्या तो बढ़ाई नहीं उल्टा जो थे उनमें से भी इन दिनों कई की ड्यूटी दूसरे जनपदों में लगा दी। इससे जाम का झाम संकट पैदा कर रहा है।
शहर की यातायात व्यवस्था के लिए एक टीएसआई, नौ कांस्टेबिल, दो हेड कांस्टेबिल और दो एचसीटी तैनात हैं। बरेली में चल रहे उर्स शरीफ व मुरादाबाद में ड्यूटी के लिए टीएसआई समेत 11 जवानों को भेज देने से यातायात व्यवस्था चरमरा गई। रविवार को नौगवां चौराहा, डिग्री कॉलेज चौराहा, सुनगढ़ी, छतरी चौराहा, गैस चौराहा, छीपियान चौराहा, गौहनिया चौराहा, ड्रमंडगंज चौराहा, बरेली गेट आदि स्थानों पर कई बार जाम लगने के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। यातायात जवानों के तैनात रहने के कारण कई बड़े वाहन नो इंट्री क्षेत्र में प्रवेश नहीं कर पाते हैं। रविवार को यातायात जवानों की संख्या चौथाई रह जाने के कारण कई बड़े वाहन संकरे क्षेत्रों में घुस आए। जिससे यातायात व्यवस्था कई बार प्रभावित हुई। सबसे अधिक समस्या ड्रमंडगंज चौराहा, बरेली गेट और सुनगढ़ी चौराहे पर आई। भीषण गर्मी में लोग जाम फंसकर पसीना बहाते रहे।
0
बाक्स
यहां तो रोजाना लगता है जाम
शहर में कुछ स्थान दिन भर व्यस्त रहते हैं। नौगवां चौराहा, छतरी चौराहा, गौहनिया चौराहा, गैस चौराहा, छीपियान चौराहा, ड्रमंडगंज चौराहा, चौक बाजार, चावला चौराहा, सुनगढ़ी चौराहा, बरेली गेट आदि पर अक्सर जाम लगता है।
0
बाक्स
यह हैं जाम लगने के कारण
अक्सर लोग गलत तरीके से वाहनों को पार्क कर अपने काम निपटाने में व्यस्त हो जाते हैं। जिसकी वजह से लोगों को जाम की समस्या का सामना करना पड़ता है। नो इंट्री क्षेत्रों में बड़े वाहनों के प्रवेश से भी यह समस्या आती है।
0000
बाक्स
इस तरह मिल सकती है निजात
शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए स्टेशन रोड और जेपी रोड पर वन वे व्यवस्था से सुधार संभव है। कई इलाकों के रूट डायवर्जन और व्यस्तम क्षेत्रों में पार्किंग की उचित व्यवस्था से भी जाम से मुक्ति मिल पाई जा सकती है।
00
बाक्स
पार्किंग न होने से आती है समस्या
टीएसआई योगेन्द्र कुमार का कहना है कि शहर में बढ़ते वाहनों को देखते हुए यातायात सिपाही कम हैं। दूसरे जिलों में यातायात जवानों के ड्यूटी पर चले जाने से समस्या आ जाती है। पार्किंग व्यवस्था न होना भी समस्या है।