पीलीभीत। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनवारी लाल कंछल ने कहा है कि गेहूं खरीद में आढ़तियों की समस्याओं का समाधान न होने पर खरीद प्रक्रिया बंद कर दी जाएगी।
वह गुरुवार को शहर में व्यापारियों की बैठक में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार आढ़तियों के माध्यम से गेहूं खरीद कर रही है। यह निर्णय स्वागत योग्य है, लेकिन इसमें अव्यवहारिकताएं बहुत हैं। डीएम के हस्तक्षेप, जोतबही की अनिवार्यता, बारदाने की कमी, गोदामों में गेहूं रखने को स्थान न होना और चेक से भुगतान के कारण आढ़तियों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। कहा कि 10 जून को इस समंबंध में सरकार को ज्ञापन देंगे। समाधान न होने पर गेहूं खरीद बंद की जाएगी। व्यापारियों को संगठन की मजबूती के निर्देश देते हुए व्यापारियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाएं। इससे संगठन अधिक मजबूत होगा। बैठक के बाद पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने संगठन में फेरबदल की घोषणा की। जिला महामंत्री राजेश अग्रवाल के 22 वर्ष के कार्यकाल को देखते हुए उन्हें प्रदेश इकाई में महामंत्री बनाने की घोषणा की। पश्चिमी उ.प्र. व्यापार मंडल के जिला महामंत्री अफरोज जीलानी के 10-12 साथियों संग संगठन में शामिल होने पर उन्हें जिला महामंत्री नामित करने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि नगर इकाई के चुनाव न होने पर उसे भंग कर नए चुनाव होने तक राकेश महोदय को नगर अध्यक्ष शैली अग्रवाल को महामंत्री और नगर युवा इकाई को भंग कर हर्षित अग्रवाल को अध्यक्ष बनाया गया है। चुनाव आठ अगस्त को कराया जाएगा। इसके लिए अशोक अग्रवाल को मुख्य चुनाव अधिकारी, प्रांतीय महामंत्री हंसराज गुलाटी व जिलाध्यक्ष गिरीश अग्रवाल को पर्यवेक्षक बनाने की बात कही। बताया कि जून माह में सदस्यता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।