पीलीभीत। यातायात पुलिस का डंडा मंगलवार को चौपहिया वाहनों पर खूब चला। पुलिस ने पायदानों पर लटकाकर सवारियां ढोने वाले करीब दो दर्जन चौपहिया वाहनों के पायदान काट दिए, जिससे टैक्सी चालकों में हड़कंप मचा रहा।
मालूम हो कि बीसलपुर, बरखेड़ा, माधोटांडा और मझोला समेत कई स्थानों के लिए शहर से तमाम चौपहिया वाहन सवारियां ढोते हैं। इनमें सवारियां भूसे की तरह भरी होती हैं। यहां तक कई वाहन चालक सवारियों को वाहन के पायदानों पर लटकाकर फर्राटा भरते हैं, जिससे आए दिन दुर्घटना होती है। यातायात निरीक्षक ने मंगलवार को गौहनियां चौराहे पर न्यूरिया मार्ग पर चलने वाली मैजिकों की सघन चेकिंग की गई। चेकिंग के दौरान पायदान पर पीछे लटका कर सवारियां ढोने वाले 22 वाहनों के पिछले पायदान पुलिस ने कटवा दिए। इससे वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। यातायात निरीक्षक योगेंद्र सिंह ने बताया कि कई बार एल्टीमेटम देने के बाद भी वाहन चालकों ने कोई सुधार नहीं किया। मजबूरन चेकिंग के दौरान सवारियां लटकाए मिले वाहनों के पायदान कटवा दिया गया है। इन वाहनों पर अगर दोबारा पायदान लगे पाए गए तो वाहन को सीज किया जाएगा। उन्होंने बताया कि बुधवार को माधोटांडा और पूरनपुर मार्ग पर अभियान चलाया जाएगा।