बिलसंडा। गांच चठिया हिल्गी में जमीनी विवाद के चलते दो पक्ष भिड़ गए। जिसमें दोनों पक्षों के कई लोग जख्मी हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों के सात लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है।
गांव निवासी बल्देव सिंह ने दर्ज कराई गई रिपोर्ट में कहा है कि मेरी पत्नी स्वर्ण कौर रविवार को चाचा के खेत में चारा काटने गई थी। इसी बीच गांव के गुरूमेज सिंह, राजवीर सिंह, बलराज और गुरूनाम सिंह ने घेर लिया। आरोप है कि गुरूनाम सिंह ने राइफल की वट से पिटाई की। उधर इसकी भनक जब महिला के घरवालों को लगी तो वे भी लाठी डंडे लेकर घटना स्थल पर आ गए और दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। जिसमें स्वर्ण कौर, गुरूमीत सिंह समेत कई घायल हो गए। उधर दूसरे पक्ष का कहना है कि वह अपनी जमीन को ट्रैक्टर से जोतने जा रहा था कि स्वर्ण कौर ट्रैक्टर के आगे आकर लेट गई मना करने के बाद भी जब वह नहीं हटी तो मजबूरन उसे हटाया। जिसके बाद दोनों पक्षों में जमकर लाठी डंडे चले। पुलिस ने बल्देव सिंह की ओर से गुरूमीत सिंह, राजवीर सिंह, बलराज और गुरूनाम सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। उधर दूसरे पक्ष के बलराज सिंह की ओर से स्वर्ण कौर अजायब सिंह और जोधा सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। उधर एसओ केपी यादव ने बताया कि बल्देव सिंह के पिता शीशा सिंह ने पांच बीघा जमीन बलराज सिंह के हाथ बेची थी। जिसका बैनामा भी कर दिया था। दाखिल खारिज भी हो चुका है लेकिन अभी तक उसे कब्जा नहीं मिल सका। रविवार को जमीन पर कब्जा करने का जब बलराज ने प्रयास किया तो बल्देव सिंह की पत्नी स्वर्ण कौर ट्रैक्टर के आगे लेट गई जिसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट हुई।