मुरादाबाद। कटघर के एक धार्मिक स्थल में मासूम बच्चे के साथ दुष्कर्म की कोशिश हुई। बच्चा वहां नमाज अदा करने गया था। जहां एक अधेड़ ने उसे ऊपरी मंजिल पर बुलाकर दबोच लिया। धमकाकर उसके साथ जबरदस्ती करने लगा, लेकिन इसी बीच बच्चे ने शोर मचा दिया और फिर अपने कपड़े संभालकर भाग निकला। घर पहुंचकर जब उसने परिजनों को आपबीती सुनाई तो सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस के हाथ-पैर भी फूल गए।
मुगलपुरा फर्स्ट निवासी पीतल फर्म कर्मी का बेटा शुक्रवार शाम करीब सात बजे नमाज पढ़ने के लिए पड़ोस में ज्यारतवाली गली में स्थित एक धर्म स्थल पर गया था। बच्चे की मानें तो नमाज के बाद उसे ऊपरी मंजिल में मौजूद एक अधेड़ उम्र के व्यक्ति ने बुला लिया। पहले उसने सिर दबाने को कहा, फिर पैर। मना करने पर धमकी दी। इसके बाद उसने दबोच लिया। जबरन बच्चे के कपड़े उतार दिए। विरोध करने पर गला दबाने लगा। बच्चा चिल्लाया तो अधेड़ ने मारपीट की। मारपीट और शोर सुनकर कुछ लोग नीचे से चिल्लाए तो आरोपी ने उसे छोड़ा। बच्चा कपड़े संभालते हुए नीचे उतरा और भाग निकला। घर जाकर उसने पिता को यह बात बताई। इस पर परिजन आक्रोशित हो गए।
तत्काल मौके पर पहुंचे। आरोपी को ढूंढा, लेकिन वह नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने कटघर थाने में सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। आरोपी के बारे में पूछताछ की, लेकिन वह नहीं मिला। लेकिन घटना को लेकर लोगों का गुस्सा भड़क उठा। उन्होंने खूब हंगामा काटा। किसी प्रकार अधिकारियों ने शांत किया। शनिवार को पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। पकड़े जाने पर उसने खुद को बेकसूर बताया।
सीओ कटघर राकेश ने बताया कि बच्चे को हाथ पैर दबाने के बहाने बुलाया गया था। इसके बाद उसके साथ छेड़छाड़ हुई। लेकिन वह भाग निकला। आरोपी को पकड़ लिया गया है।
--
तीसरी घटना से अधिकारियों में हड़कंप
पहले मुगलपुरा में लालबाग के पास धर्म स्थल में बच्चे के साथ दुष्कर्म की कोशिश, फिर हजरतनगर गढ़ी के उदयपुर नरौली गांव में रिटायर्ड फौजी के द्वारा छात्र से दुष्कर्म का मामला। वहीं अब मुगलपुरा फर्स्ट में बच्चे के साथ दुष्कर्म का प्रयास। लगातार घटनाओं ने पुलिस में हड़कंप मचा दिया। शुक्रवार को मामला सामने आते ही अधिकारी मौके पर जा पहुंचे। परिजनों और बच्चे से पूछताछ की और जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।