मुरादाबाद। यूपी बोर्ड इंटर के रिजल्ट ने एक बार फिर साबित किया कि अगर मौका मिले तो लड़कियां लड़कों को बहुत पीछे छोड़ सकती हैं। टापर्स की रेस में लड़कों से कहीं बहुत आगे दिखाई दे रही हैं लड़कियां। रामपुर और ज्योतिबाफुले नगर जिला तो लड़कियों ने ही टाप किया। वहीं बिजनौर की प्रियंका सिंह ने 89 फीसदी अंक हासिल कर मंडल में दूसरा स्थान बनाया। मुरादाबाद की टाप टेन सूची में शामिल 15 विद्यार्थियों में आठ लड़कियां हैं।
‘मासूम बच्ची को गला दबाकर मारा और शव रोडवेज की बस में छोड़ा’, ‘सुबकती बच्ची को ट्रेन में छोड़ उतर गए मां बाप’। महानगर की इन कुछ खबरों ने हिला कर रख दिया है। लड़कियों की लगातार सफलताओं के बावजूद चंद लोग यह समझने को तैयार नहीं। ऐसे लोगों के लिए सबक हैं लड़कियों की यह जीत। कोई फील्ड नहीं जिनमें लड़कियां पीछे रहती हों। यूपी बोर्ड के रिजल्ट में टापरों की स्थिति देखकर इसका अंदाजा लगाया जा सकता है।
मुरादाबाद की टाप टेन में दीक्षा ने तीसरा स्थान हासिल किया है, प्रियारानी, ज्योति सैनी, दीक्षा सिंह, निधि अरोरा, तरन्नुम, तनु और दिव्यांशी इन आठ लड़कियों ने टाप टेन में जगह बनाई है। प्रिया सक्सेना ने तो रामपुर जिला टाप किया है वहीं सुंबुल ने ज्योतिबाफुले नगर टाप कर लड़कियों का वर्चस्व कायम किया है।