मुरादाबाद। मिडटाउन होटल को सील करने के मामले में रजनी जैन ने सोलह नगर निगम कर्मचारियों के खिलाफ लूट व अश्लील हरकतें करने का मुकदमा लिखाया है। इसमें कर अधीक्षक व तीन कर्मचारियों नामजद किया गया है।
सोलह अप्रैल को नगर निगम की टीम टैक्स के बकाए की वसूली के चलते मिडटाउन क्लब को सील करने पहुंची थी। यहां पर टीम को काफी देर तक विरोध का सामना करना पड़ा था। इस मामले में नगर निगम अधिकारियों ने क्लब संचालिका रजनी जैन के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने का मुकदमा कराया था। रजनी ने भी कर्मचारियों के खिलाफ तहरीर दी थी लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं हुआ था। इसके बाद रजनी ने कोर्ट की शरण ली थी।
शनिवार को कोर्ट ने नगर निगम के कर अधीक्षक अनिरुद्ध, अवधेश कुमार सिंह, विनोद विहारी, अमर सिंह व दर्जन भर कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए। रजनी का आरोप है कि निगम अधिकारियों ने बिना महिला कर्मचारियों के धन उगाही के उद्देश्य से होटल में घुसकर उनसे अश्लील हरकतें की और पचास हजार रुपए लूट लिए। सिविल लाइंस पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।