पाकबड़ा। रविवार को बुकनाला गांव में दीवार निर्माण को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों में मारपीट हो गई। नौबत यहां तक पहुंच गई कि दोनों ओर से फायरिंग तक हुई। इसमें एक महिला समेत दो लोग घायल हो गये। फायरिंग की सूचना एएसपी समेत कई थानों से फोर्स गांव में पहुंच गया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। दोनों पक्षों की ओर से रिपोर्ट दर्ज कर ली है। दोनों पक्षों में पुरानी रंजिश चल रही है।
बुकनाला में हसन अब्बास व तनवीर में पुरानी रंजिश चल रही है। रविवार को हसन अब्बास अपने घर की दीवार का निर्माण करा रहे थे। सामने तनवीर की खाली जगह पड़ी है। दीवार का निर्माण होते देख तनवीर भी वहां पर आ गया। हसन ने अपनी जमीन पर निर्माण कराने की बात कही। इसी को लेकर दोनों पक्षों को लोग एकत्रित हो गए। मारपीट के बाद दोनों पक्षों के लोगों ने एक-एक फायर झोंक दिया। इसमें हसन अब्बास की पत्नी अफरोज फातिमा और दूसरे पक्ष के ममदुल हसन घायल हो गये। एएसपी केशव कुमार चौधरी फोर्स लेकर गांव में पहुंचे। पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। नामजदों की तलाश की जा रही है।