मुरादाबाद। स्टीम इंजन से लेकर इलेक्ट्रिक इंजन तक का सफर तय करने वाली रेलवे की ट्रेन बदलाव के कई पड़ावों से होकर गुजरी। 150 का साल का इतिहास समेटे रेलवे हर दौर के साथ कदम मिलाता हुआ हमेशा नए अंदाज में नजर आया। बदलाव की बयार में इस बार कुछ अलग नजर आएगा महकमे का लोगो। रेल जोन और गति का संदेश देने वाले इस लोगो में अब स्टार की संख्या बढ़कर सत्रह कर दी गई है और सत्यमेव जयते का संदेश भी इसमें जोड़ा गया है। जल्द ही इंजन से लेकर स्टेशन तक नया लोगो नजर आएगा।
दरअसल लोगो में बदलाव की सबसे बड़ी वजह रेलवे में बढ़े जोन की संख्या बनी। कई साल पहले जोन की संख्या बढ़ाकर 16 कर दी गई थी। लेकिन लोगो में बदलाव नहीं किया गया था। इसके बाद मेट्रो भी अस्तित्व में आ गया। लिहाजा जोन और गति के संदेश देने वाले इस लोगो को भी इसी क्रम में बदला गया। अब नए पहचान चिह्न में मेट्रो को शामिल करते हुए 17 स्टार दर्शाए गए हैं। साथ इंजन के बीच बनी अशोक की लाट के नीचे सत्यमेव जयते का भी संदेश जोड़ा गया है। एडीआरएम एके सिंघल ने बताया कि नया लोगो सभी मंडल मुख्यालयों का भेज दिया गया है। सभी अधिकारियों के लैटर पैड पर अब इसे ही प्रयोग किया जाएगा। रेलवे के कार्यालयों के साथ स्टेशन, इंजन और बोगियों पर भी इसका प्रयोग होता है। सभी जगह जल्द ही यह बदला हुआ दिखाई देगा। इस लोगो के साथ ही सभी जोन अपना नाम जोड़ सकेंगे।