मुरादाबाद। लेखाधिकारी के साथ हुई नोकझोंक के बाद शिक्षकों के तेवर लगातार गर्म होते जा रहे हैं। शिक्षक संघ ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। भ्रष्टाचार जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए उच्चाधिकारियों से शिकायत की है। अब जिलाधिकारी को पत्र लिखकर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है।
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक की बैठक दांग स्कूल में हुई। जिसमें जिलाध्यक्ष सर्वेश कुमार सिंह ने बताया कि लेखाधिकारी ने छठे वेतन आयोग की संस्तुति के विपरीत कार्य किया है। एरियर की राशि का अस्सी प्रतिशत पीपीएफ खाते में जमा करना था, लेकिन उन्होंने राष्ट्रीय बचत पत्र अनिवार्य कर दिया। शिक्षकों की धनराशि को अपने खाते में डालकर ब्याज का गबन किया है। रिटायर होने वाले शिक्षकों के देय का भुगतान करने पर सुविधा शुल्क ली जाती है। नहीं देने पर उनको परेशान किया जाता है। महीनों चक्कर लगवाने के भी भुगतान नहीं किया जाता है। एरियर का भुगतान भी मनमाने तरीके से किया जा रहा है। इस प्रकार से अनेक अनियमितताएं वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय में किया जाता है। जिलाधिकारी से मामले की जांच कराने के साथ कार्रवाई की मांग की गई है। इस दौरान जिला मंत्री महेंद्र सिंह कोषाध्यक्ष संजय कुमार सिंह, महानगर अध्यक्ष गौरव सक्सेना, मांडलिक मंत्री दिनेश चंद्र शर्मा आदि मौजूद रहे।