मुरादाबाद। मान्यवर कांशीराम शहरी गरीब आवास योजना के अंतर्गत चयनित हुए लोगों का अपने घर का ख्वाब पूरा होने लगा है। एक लंबे विराम के बाद इस योजना को रफ्तार मिलने लगी है। प्रशासन ने 125 लोगों को बुलाकर उनके मकानों की रजिस्ट्री करा दी है। अब इन सभी को जल्द ही मकानों की चाबी थमा दी जाएगी।
कांशीराम शहरी गरीब आवास योजना के अंतर्गत मुरादाबाद में प्रथम चरण में 1500 आवास बनाए गए थे। इन सभी मकानों पर पात्र लोगों को कब्जा भी दिला दिया गया। दूसरे चरण में 2260 मकानों का निर्माण कराया गया। इनमें से 1390 का आवंटन कर दिया गया था। लाटरी में जिन लोगों के नाम आए उसकी सूची लगा दी गई। लेकिन इसी बीच इलेक्शन आ गया और फिर सरकार बदल गई। पहली सरकार में प्राथमिकता वाली यह स्कीम हाशिए पर पहुंच गई। एक लंबा ब्रेक लग गया। वह लोग बेचैन हो गए थे जिनके नाम मकान का आवंटन हो चुका था। अफसरों के चक्कर लगाते रहे। मंगलवार को कलेक्ट्रेट में सारा दिन हल्ला मचता रहा। बुधवार को भी यही स्थिति थी। लेकिन अब रजिस्ट्री के साथ ही उम्मीद बढ़ गई है। अब तक 125 मकानों की रजिस्ट्री करा दी गई है। प्राधिकरण के संयुक्त सचिव प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि रजिस्ट्री होने के साथ ही कब्जा दिलाने की प्रक्रिया शुरू करा दी जाएगी। एसडीएम आशुतोष अग्निहोत्री ने बताया कि जिन लोगों को नाम आवंटन सूची में है उन सभी को मकान उपलब्ध करा दिया जाएगा। कागजी कार्रवाई पूरी का जा रही है। पहले रजिस्ट्री होनी हैं। उसके बाद कब्जा दिला दिया जाएगा।