मुरादाबाद। जागो भारत योग साधक संघ के तत्वावधान में एसएस इंटर कालेज में चल रहा संस्कार योग शिविर संपन्न हो गया। इसमें छात्र छात्रों के साथ महानगर वासियों ने योग का प्रशिक्षण लिया।
इस अवसर पर योग गुरु भारत भूषण ने बच्चों के दैनिक जीवन में शिष्टाचार एवं लुप्त होते संस्कारों पर चिंता जताई। उन्होंने संस्कार और दायित्वों का महत्व समझाया। कहा इससे एक दूसरे से मिलकर सहयोग करना, जीवन की कठिन परिस्थितियों में भी सहज रहना तथा सुगमता से विश्वास के साथ कार्य करना सीखा जा सकता है। कहा कि योग शारीरिक, सामाजिक एवं मानसिक तीनोें क्षेत्रों में एक साथ कार्य कर बल प्रदान करता है। इसके लिये योग गुरु ने योगाभ्यास भी कराया। योगाचार्य प्रतिष्ठा ने माता पिता एवं गुरुजनों के सम्मान का महत्व बताया। कहा मानसिक एवं बौद्धिक विकास के लिये यह नितांत आवश्यक है। इन्होंने क्रोध को मानव जीवन का सबसे बड़ा दुश्मन बताते हुए इसका त्याग करने करने का आह्वान किया। कहा कि शिविर का उद्देश्य भी बच्चों को संस्कारों का ज्ञान कराकर उन्हें सही दिशा पर ले जाना है। शिविर के समापन पर यज्ञ किया गया। इसमें आहुतियां देकर विश्व कल्याण की कामना की गई। डा. बृज विहारी, परेश सक्सेना, अमित गर्ग, पुनीत गर्ग, करतार सिंह, सुधीर शर्मा, उदयभान, उमेश चंद्र, संजय नारंग, शालिनी सक्सेना, बबीता विश्नोई, महिमा शर्मा आदि का विशेष सहयोग रहा।