मुरादाबाद। अबकी बार हज यात्रियों को साथ में हेल्थ सर्टिफिकेट भी लेकर जाना होगा। असाध्य बीमारी से पीड़ित होने पर हज यात्रा में रुकावट आ सकती है। इसके साथ ही ऐहतियातन दिमागी बुखार के टीकाकरण के साथ ही पोलियो खुराक भी पीना अनिवार्य है।
उत्तर प्रदेश की हज कमेटी की जानिब से प्रदेश में 25366 लोगों का हज के लिए चयन किया गया। जबकि मुरादाबाद से 1972 लोगों को हज यात्रा के लिए मंजूरी मिली है। हज ट्रेनर मुख्तार असलम के अनुसार चयनित हज यात्रियों को इत्तला मिल चुकी है। उनको जहां हज यात्रा खर्च को ड्राफ्ट बनवाकर हज कमेटी को भेजना होगा, वहीं मेडिकल चेकअप भी कराना होगा। इसके लिए हज कमेटी की जानिब से कैंप लगाकर टीकाकरण और पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इसमें मैनेजाइटिस का टीका भी शामिल है। इसके साथ ही हज यात्रियों को हेल्थ सर्टिफिकेट भी लेना होगा। यह सर्टिफिकेट प्रत्येक हज यात्री को साथ लेकर जाना होगा। उन्होंने बताया कि पहली बार हेल्थ सर्टिफिकेट की अनिवार्यता की गई है। इसके साथ ही चिकित्सीय परीक्षण में असाध्य रोग के लक्षण होने पर मंजूरी के बाद भी हज यात्रा में रुकावट आ सकती है।