मुरादाबाद। बीते विधानसभा चुनाव के दौरान भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने की बात उजागर हुई है। मामले को संज्ञान में लेते हुए प्रदेश महामंत्री नरेंद्र सिंह ने गिरीश भंडूला, शेर सिंह सैनी, दीपक अग्रवाल समेत कुछेक वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के खिलाफ सख्त नोटिस जारी किया है। इसमें पार्टी के नामी वरिष्ठ कार्यकर्ता के नाम शामिल होने की चरचा है। इस नोटिस के पार्टी कार्यालय पहुंचते ही कार्यकर्ताओं के बीच खलबली मच गई है।
विधानसभा चुनाव में नगर क्षेत्र में हुई पार्टी प्रत्याशी की जबर्दस्त हुई हार के बाद भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी इसकी समीक्षा करने में जुटे हैं। इस मसले पर अब तक कई दौर की महत्वपूर्ण बैठकें भी शहर में हो चुकी हैं। इस दौरान पदाधिकारियों जानकारी मिली है कि संगठन के कई कार्यकर्ता पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल थे। उनकी ओर से चुनाव के समय पार्टी को हर संभव क्षति पहुंचाने की कोशिश की गई है। जिसका परिणाम पार्टी की हुई हार है। सूत्रों के मुताबिक वरिष्ठ पदाधिकारियों के पास कार्यकर्ताओं का पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के पुख्ता प्रमाण हैं। पार्टी कार्यालय में पहुंचे नरेंद्र सिंह के फैक्स आने की सूचना कार्यकर्ताओं को मिल गई है। प्रदेश महामंत्री सिंह ने आरोपी कार्यकर्ताओं से लिखित जवाब मांगा है। साथ ही उन्हें अपना पक्ष रखने की बात कही गई है। इस बात की भनक लगते ही देर रात तक नोटिस की चरचा कार्यकर्ताओं के बीच होती रही।