मुरादाबाद। आने वाले 45 दिन संकट भरे साबित होने जा रहे हैं। दुनिया भर में राजनीतिक उठापटक के साथ ही मौसम भी धोखा देने की तैयारी कर चुका है। इसके अलावा प्राकृतिक आपदाएं कष्ट देने को बेताब हैं। ज्योतिष के अनुसार इस सब के पीछे ग्रहों का पंच योग है। इन सबके बीच अच्छी खबर यह है कि आने वाले दिनों में रुपये की गिरती सेहत में सुधार आने की संभावना है।
23 मई से शनि वक्री होकर कन्या राशि में प्रवेश कर रहा है। शनि के वक्री होने से पंचम योग बन रहा है। इस योग के बनने उठापटक की स्थिति बनती है। आने वाले दिनों में भारी राजनीतिक उठापटक, आंधी तूफान और बादल फटने की घटना घटित हो सकती है। इसके अलावा दो जून से सूर्य के रोहिणी नक्षत्र में आने से दिक्कतें बढ़ेंगी। इससे अस्थमा और पेट के रोगियों को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। दुर्घटनाओं का भी योग बन रहा है। इस योग के चलते किसी बड़े राजनेता की मृत्यु की स्थितियां बन रही हैं। ज्योतिष विशेषज्ञ विकास खुराना ने बताया कि इन दिनों में ग्रहों की चाल विपरीत चल रही है। जो समस्याएं बढ़ाने वाली सिद्ध होंगी। इस समय वृष राशि में पांच ग्रहों सूर्य, गुरु, शुक्र, बुध और केतु की मौजूदगी पहले ही विषम परिस्थितियां बना रही हैं। जिसके चलते पिछले दिनों में कई दुखदायी घटनाएं घटित हुई हैं। अगले डेढ़ माह में विश्व के किसी कोने में सुनामी भी आ सकती है। भीषण आगजनी की घटना हो सकती है। आर्थिक उथलपुथल के चलते मंदी का संकट गहराएगा। अपने देश में घोटाले खुलकर सामने आ सकते हैं। इन सभी के बीच राहत की बात यह है कि आने वाले बीस दिनों में रुपये की स्थिति में सुधार आएगा।